Spread the love

पुलिस ने एएसआई महेश लकड़ा की शिकायत पर भाजपा पार्षद ओमप्रकाश कुशवाह सहित 4 नामजद और 15–20 अन्य पर FIR दर्ज की थी
गुना ।  हनुमान जयंती पर कर्नलगंज इलाके में हुए विवाद और सांप्रदायिक तनाव के बाद जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा को गुना से स्थानान्तरण कर दिया गया है। देर रात जारी आदेश में उन्हें भोपाल पुलिस मुख्यालय (PHQ) अटैच करते हुए सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अब 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अंकित सोनी को गुना का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले इंदौर में नगरीय पुलिस में उपायुक्त (आसूचना एवं सुरक्षा) के पद पर पदस्थ थे।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई 12 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा की पृष्ठभूमि में हुई है। कर्नलगंज में मस्जिद के सामने से डीजे के साथ जुलूस निकलने पर दो समुदायों के बीच विवाद हुआ, जो पत्थरबाजी तक जा पहुंचा। इस घटना में भाजपा पार्षद गब्बर कुशवाह के 11 वर्षीय बेटे सहित कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि सीसीटीवी फुटेज में पत्थरबाजी नहीं दिखी और जुलूस बिना अनुमति के निकाला गया था। साथ ही उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल के पास रुककर नारेबाजी की गई, जिससे दोनों पक्षों में तनाव उत्पन्न हुआ। सिन्हा के इस बयान से हिंदूवादी संगठनों में नाराजगी फैल गई थी।
इस घटना के बाद दो प्रमुख वजहों को उनका तबादला होने के पीछे माना जा रहा है।
पहली, घटना के तत्काल बाद उनका विवादास्पद बयान, जिससे एक पक्ष विशेष की नाराजगी उभरी। दूसरी, घटना के दो दिन बाद कोतवाली पुलिस ने एएसआई महेश लकड़ा की शिकायत पर भाजपा पार्षद ओमप्रकाश कुशवाह सहित 4 नामजद और 15–20 अन्य पर FIR दर्ज की थी। इसमें हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर भी पत्थरबाजी का आरोप लगाया गया था, जिसकी रिपोर्ट प्रदेश संगठन तक पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *