
आरआई पटवारियों के साथ राजस्व अधिकारियों ने भी मोर्चा खोला
जबलपुर। जमीन के नामांतरण मामले में राज्य आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई, जबलपुर (ईओडब्ल्यू) द्वारा पटवारी के ऊपर एफआईआर दर्ज किए जाने का विरोध कर रहे पटवारी संघ को अब तहसीलदार पर भी एफआईआर होने से आरआई संघ और राजस्व अधिकारी संघ का भी समर्थन मिल गया है। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कलेक्टर द्वारा कराई गई त्रिस्तरीय जांच में संबंधित तहसीलदार और पटवारी को क्लीन चिट दे दी गई है। जांच समिति की इस रिपोर्ट को, शासन को भी भेज दिया गया है| इस बात का खुलासा खुद पटवारी संघ की कार्यकारी अध्यक्ष मुक्ता चौकसे ने किया है। इस बीच गोरखपुर तहसीलदार भरत सोनी के विरुद्ध ईओडब्लयू द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार को राजस्व अधिकारी संघ ने भी हड़ताल की घोषणा कर दी| इधर शुक्रवार को दोपहर में पटवारी संघ और आर आई संघ रैली लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा था। पटवारी संघ व आर आई संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर दीपक सक्सेना से मुलाकात की। कलेक्टर दीपक सक्सेना के चेंबर के बाहर आने के बाद पटवारी संघ की कार्यकारी अध्यक्ष मुक्ता चौकसे ने कहा कि कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा पूरे प्रकरण में त्रिस्तरीय विभागीय जांच कराई गई थी।
जांच में तहसीलदार और पटवारी को क्लीन चिट मिल गया है। अब सवाल यह उठता है कि बिना विभागीय जांच कराएं तहसीलदार संवर्ग जिन्हें न्यायाधीश संरक्षण प्राप्त होता है और पटवारी पर ईओडब्ल्यू ने एफआईआर दर्ज कर ली गई। शासन से पटवारी संघ ने मांग की है कि कलेक्टर के प्रतिवेदन के आधार पर एफआईआर को खारिज किया जाए।
वहीं पटवारियों को प्रोटेक्शन भी दिया जाए, ताकि बिना विभागीय जांच के सीधे एफआईआर दर्ज न हो। उल्लेखनीय है कि कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से नामांतरण करने के आरोप पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई, जबलपुर (ईओडब्ल्यू) ने गोरखपुर तहसीलदार भरत सोनी, शिखा तिवारी हल्का पटवारी गोरखपुर व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
इधर,मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी (क.प्रशा. सेवा) संघ जिला इकाई जबलपुर ने भी आर्थिक अपराध शाखा जबलपुर (ईओडब्ल्यू) द्वारा तहसीलदार पर एफआईआर दर्ज किए जाने को विधि विरूद्ध बताया है। संघ के जिला अध्यक्ष नायाब तहसीलदार शशांक दुबे ने कहा है कि तहसीलदार संवर्ग को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के अधिकार प्राप्त होने के बावजूद भी विधि विरुद्ध तरीके से एफआईआर दर्ज की गई, जिसका राजस्व अधिकारी संघ द्वारा कड़ा विरोध किया जाएगा| सोमवार से सभी तहसीलदार अपना काम बंद कर विरोध प्रदर्शन करेगी|
