
मानपुर थाने पहुंची तीन सदस्यीय टीम, कब्जे में लिए दस्तावेज
इंदौर। इंदौर जिले के डॉ. आंबेडकर नगर (महू) में कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान देने वाले कैबिनेट मंत्री विजय शाह के खिलाफ स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने जांच शुरू कर दी है। मंत्री विजय शाह मामले में गठित एसआईटी की टीम थाना मानपुर पहुंची। एसआईटी ने जांच की शुरुआत करते हुए मानपुर थाने में दर्ज एफआईआर का ब्योरा जुटाया और केस डायरी को अपने कब्जे में ले लिया है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार ने आइपीएस आइजी सागर प्रमोद वर्मा, डीआइजी विशेष सशस्त्र बल कल्याण चक्रवर्ती और एसपी डिंडोरी वाहिनी सिंह को एसआईटी में शामिल किया है। एसआईटी जिले के मानपुर थाने में दर्ज एफआईआर की जांच कर अपनी रिपोर्ट 28 मई तक तैयार करेगी।
एसआईटी की टीम बेहद गोपनीय तरीके से इस पूरे मामले की जांच कर रही है। टीम ने मीडिया से भी दूरी बना ली। वहीं कुछ पत्रकारों से फुटेज भी डिलीट करवाए गए हैं। बता दें कि मंत्री विजय शाह ने मानपुर थाने दर्ज एफआईआर को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। लेकिन यहां से भी मंत्री शाह को राहत नहीं मिली थी। वहीं एसआईटी जांच रिपोर्ट ने के बाद मंत्री शाह के इस्तीफे की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
