
जालंधर। पंजाब की आप सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार चाहे कहीं से भी हो, बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह खुद सरकार के अपने ही लोग क्यों न हों? शुक्रवार सुबह जालंधर में आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा के ठिकानों पर विजिलेंस टीम ने छापे मारे, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया। रमन अरोड़ा पर आरोप है कि वह नगर निगम के कुछ अफसरों के साथ मिलकर रैकेट चला रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मासूम लोगों को फर्जी नोटिस भेजे जाते थे। कभी बिल्डिंग बायलॉज का हवाला देकर, तो कभी लाइसेंस या संपत्ति से जुड़े नियमों का डर दिखाकर और फिर रिश्वत लेकर वही नोटिस ‘क्लियर’ कर दिए जाते थे। छापेमारी की कार्रवाई में अधिकारियों को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिले हैं। माना जा रहा है कि जांच का दायरा अब और बड़ा किया जाएगा और निगम के अफसरों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
पंजाब में पहली बार किसी सत्ताधारी विधायक के खिलाफ इतनी कड़ी कार्रवाई की गई है और वह भी उनकी खुद की पार्टी की सरकार ने की है। सीएम भगवंत मान पहले ही सार्वजनिक रुप से कह चुके हैं कि ‘भ्रष्टाचार करने वाला चाहे किसी भी पार्टी का हो, अब जेल जाएगा’। पिछले कई महीनों से सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों द्वारा ऐसे रैकेट की शिकायतें की जा रही थीं अब प्रशासन ने उन्हीं आवाज़ों को सुना और कार्रवाई की।
