
एसडीएम पर पिस्तौल तानने के मामले में अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई थी
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में फिर विधायकों की संख्या 200 से घटकर 199 हो गई है। दरअसल भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा की सदस्यता समाप्त कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अंता से विधायक मीणा को संविधान के अनुच्छेद 191(1)(ई) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 8(3) के तहत अयोग्य ठहराकर सदस्यता समाप्त करने की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि यह निर्णय दोष सिद्धि की तारीख से प्रभावी माना गया है।
दरअसल बीजेपी विधायक मीणा को एसडीएम पर पिस्तौल तानने के मामले में अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई थी। इस मामले में उन्हें पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिली। कांग्रेस लंबे समय से मीणा की सदस्यता रद्द करने की मांग कर रही थी। आखिरकार, विधानसभा सचिवालय ने उनकी विधायकी को खत्म करने का आदेश दे दिया। अब अंता विधानसभा सीट (संख्या 193) रिक्त हो गई है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि उन्होंने मामले में पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया है और किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव में नहीं आए हैं। उन्होंने बताया कि निर्णय लेने से पहले राज्य के महाधिवक्ता से विधिक राय ली गई थी और जैसे ही राय प्राप्त हुई, सदस्यता निरस्त करने का आदेश दिया। देवनानी ने स्पष्ट किया कि दोष सिद्धि के मामलों में सदस्यता स्वतःही समाप्त मानी जाती है और यह निर्णय अदालत के फैसले के अनुरूप ही लिया गया है।
