
कम एरिया का प्लाट बड़ा बताकर करोड़ों में बेचा
जबलपुर। लार्डगंज थानांतर्गत गढ़ाफाटक में एक जालसाज मां, बेटे ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कम रकबे के प्लाट को विक्रयपत्र में ज्यादा बताकर कटनी निवासी चार महिलाओं को लाखों की चपत लगा दी। जब नापजोख में प्लाट का रकवा कम निकला तो खरीददार महिलाओं ने प्लाट के सौदे में भुगतान की गई अतिरिक्त राशि वापस मांगी तो मां, बेटे ने इसे देने से इंकार कर दिया। फर्जीवाड़े के आरोपी मां, बेटे पर पर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि शांतिनगर कटनी निवासी श्रीमती अंकिता जैन, श्रीमती रेशु जैन, श्रीमती निर्मला जैन, श्रीमती सारिका जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने गढ़ाफाटक में लक्ष्मी सिंह व उसके पुत्र अवधेश सिंह स्वामित्व की 3495.13 वर्गफीट जमीन को खरीदने विक्रय पत्र अनुबंध किया था। विक्रय पत्र में जमीन सौदा एक करोड़ 76 लाख रुपये में तय हुआ। विक्रेता मां, बेटे ने पूरी राशि मिलने के बाद चारों महिलाओं के पक्ष में विक्रय पत्र निष्पादित कराया। प्लाट का नापजोख करने पर पता चला कि विक्रय पत्र में उल्लेखित रकबे से प्लाट का एरिया कम है। जब इस बात से श्रीमती लक्ष्मी सिंह व अवधेश सिंह को अवगत कराया तो मां, बेटे ने कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया। गढ़ाफाटक निवासी श्रीमती लक्ष्मी सिंह व पुत्र अवधेश सिंह ने कूटरचित कर विक्रय पत्र में प्लाट का एरिया 3495.13 वर्गफीट बताया और विक्रय पत्र खरीदारों के पक्ष में निष्पादित करा लिया। जांच में पता चला कि विक्रेता मां, बेटे के नाम पर उक्त प्लाट का रकवा नहीं है वहीं जमीन का नाप कराने पर पता चला कि प्लाट 2893 वर्गफीट है, जो विक्रय पत्र में दर्शाये एरिया से 600 वर्गफीट कम है, मां, श्रीमती लक्ष्मी सिंह व पुत्र अवधेश सिंह ने कूटरचित दस्तावेजों से अवैध लाभ अर्जित करने फर्जीवाड़ा किया है।
