फिरौती में मांगा डेढ़ किलो सोना; रायसेन से लापता बच्चा छिंदवाड़ा में मिला, 3 गिरफ्तार
रायसेन। रायसेन के सिलवानी से कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल का दो साल का पोता मिल गया है। पुलिस ने बच्चे को 200 किलोमीटर दूर छिंदवाड़ा जिले के तामिया से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने बच्चे के अपहरण के आरोप में उसके चाचा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि दो साल का दिव्यम पटेल गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे अपने घर से लापता हो गया था। परिजन की शिकायत के बाद 5 थानों की पुलिस उसकी सर्चिंग में जुटी थी। करीब 16 घंटे बाद पुलिस ने उसे रात करीब 3 बजे बरामद किया।
चाचा ने दो साथियों के साथ मिलकर किया अपहरण
आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बच्चे के रिश्ते में लगने वाले चाचा अनु उर्फ अरविंद ने अपहरण की साजिश रची थी। अनु ने अपने दो रिश्तेदार राहुल पटेल और उमेश गौर के साथ मिलकर घर के पीछे वाले दरवाजे से बच्चे को बाइक पर बैठा कर ले गए थे। आरोपियों ने बच्चे को नींद की गोली खिला दी थी, जिससे वह 12 घंटे तक बेहोश रहा। इसके बाद उसे छिंदवाड़ा जिले के तामिया में एक घर में रखा गया। पुलिस के मुताबिक बच्चे की तलाश में 5 थानों की 10 टीमें लगी रहीं। आईजी से लेकर डीआईजी और एसपी समेत दूसरे अधिकारियों ने रातभर जागकर ऑपरेशन का नेतृत्व किया। एसपी पंकज कुमार पांडे और एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे पलोहा पूरे समय डटे रहे।
