Spread the love

15 डंपर रेत और 3 ट्रैक्टर ट्रॉलियां जब्त, एक आरोपी हिरासत में
गुना | जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत कारोबार पर लगाम कसने की दिशा में प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बीनागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अरण्या गांव में प्रशासनिक और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सुबह-सवेरे दबिश देते हुए रेत के अवैध भंडारण का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में पहाड़ी क्षेत्र से लगभग 15 डंपर रेत जब्त की गई, जो प्रारंभिक जांच के अनुसार पार्वती नदी से अवैध रूप से खनन की गई थी। साथ ही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी कब्जे में लिया गया, जिनमें से एक को रेत परिवहन के दौरान रास्ते में ही पकड़ा गया। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।
यह संयुक्त कार्रवाई चांचौड़ा एसडीएम रवि मालवीय के नेतृत्व में की गई, जिसमें जिला खनिज अधिकारी और पुलिस विभाग की टीम भी शामिल रही। प्रशासन को काफी समय से इस क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अरण्या क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन चल रहा था, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा था। अब प्रशासनिक सख्ती से उम्मीद की जा रही है कि रेत माफियाओं पर लगाम लगेगी। खनिज विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिलेभर में ऐसे अवैध खनन के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *