Spread the love

गुना | जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी द्वारा सभी थानों को रात्रि गश्त प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एएसपी मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में विजयपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम डोंगर से चोरी गए ट्रैक्टर को कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। 30 मई को फरियादी राजकुमार गुर्जर निवासी साड़ा कॉलोनी, राघौगढ़ ने विजयपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके डोंगर स्थित फार्म हाउस से फार्मट्रैक ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 08 एए 1544 अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है। इस पर थाना विजयपुर में अपराध क्रमांक 62/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की सक्रिय रात्रि गश्त के दौरान 29-30 मई की रात को पालिका-विजयपुर रोड पर एक ट्रैक्टर संदिग्ध रूप से तेजी से निकला, जिसकी सूचना गश्ती दल ने तत्काल थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार को दी। उन्होंने टीम के साथ रास्ता रोकने के लिए पत्थर लगवाए, जिसे देखकर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को नीचे उतारकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। ट्रैक्टर को बरामद कर थाने लाया गया है और जल्द ही फरियादी को सुपुर्द किया जाएगा। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार, सउनि रेखा नामदेव, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक जगदीप सिंह तोमर और अशोक कुशवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *