Spread the love

६ दिन में पुलिस ने मामले का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

बालाघाट। ग्राम नरसिंगा की एक 18 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में लामता पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजा साठे (22 वर्ष)निवासी वार्ड क्रमांक 16 ग्राम नरसिंगा पर युवती को बार-बार प्रेम संबंध और शादी के लिए मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 24 मई को ग्राम नरसिंगा निवासी राजकुमार साठे ने थाना लामता में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री बबीता साठे (उम्र 18 वर्ष 9 माह) ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था। परिजनों द्वारा उसे तत्काल शासकीय अस्पताल लामता ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना के आधार पर लामता थाना पुलिस ने धारा 194 भारतीय दंड संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी राजा साठे द्वारा मृतिका को बार-बार शादी के लिए दबाव डाला जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में थी। उक्त प्रताडऩा से तंग आकर मृतिका ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया। पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना लामता में धारा 108 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि एसपी नगेंद्र सिंह, एएसपी बैहर आदर्शकांत शुक्ला, एसडीओपी परसवाड़ा अरविंद शाह के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपी राजा साठे को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी लामता निरीक्षक नितिन पटले, उपनिरीक्षक दिलीप करण नायक, सउनि ईगलसिंह मरकाम, आरक्षक देवेन्द्र पन्द्राम, हरिहर द्विवेदी, कैलाश यादव, विवेक मेश्राम का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *