Spread the love

पुलिस ने 29 गवाहों की गवाही और 100 पन्नों का चार्जशीट की थी दाखिल
चेन्नई। तमिलनाडु की महिला कोर्ट ने अन्ना यूनिवर्सिटी में हाई प्रोफाइल यौन शोषण मामले के दोषी ज्ञानसेकरन को सोमवार को उम्रकैद की सजा सुनाई। महिला कोर्ट की जज एम राजलक्ष्मी ने कहा कि दोषी को बिना किसी छूट के कम से कम 30 साल जेल में रहना होगा। दोषी पर 90 हजार रुपए का जुर्माना भी लगा। ज्ञानसेकरन को 28 मई को दोषी ठहराया गया था। उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न, रेप, धमकी और अपहरण सहित सभी 11 आरोप सही पाए गए।
मामले में कम से कम 29 गवाहों ने गवाही दी और पुलिस ने 100 पन्नों का चार्जशीट दाखिल की थी। बता दें मामला दिसंबर, 2024 का है। ज्ञानसेकरन ने 23 दिसंबर की रात 8 बजे यूनिवर्सिटी कैंपस में घुसकर 19 साल की इंजीनियरिंग छात्रा से दुष्कर्म किया था। पीड़ित अपने युवक दोस्त के साथ थी। ज्ञानसेकरन ने दोस्त की पिटाई के बाद युवती का यौन शोषण किया था। दोषी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करने के लिए घटना का वीडियो भी बनाया था।
पुलिस ने यूनिवर्सिटी कैंपस में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ज्ञानशेकरन को अगले दिन गिरफ्तार कर लिया था। वह यूनिवर्सिटी के पास ही बिरयानी की दुकान लगाता था। दोषी करार देने के बाद ज्ञानसेकरन ने अपनी बुजुर्ग मां और 8 साल की बेटी की देखभाल के लिए घर पर रहने की जरूरत का हवाला देते हुए सजा कम करने की मांग की थी। हालांकि जज ने कहा कि सभी आरोपों में वह दोषी साबित हुआ है उसे देखते हुए ज्यादा से ज्यादा सजा मिलनी चाहिए।
विपक्ष के नेता एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने कोर्ट का फैसला आने के बाद कहा कि यौन उत्पीड़न के दौरान दोषी ने एक शख्स से बात की थी, जिसे वह सर कहकर बुलाता है। उस व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना में कोई और शामिल नहीं था। दुष्कर्म की घटना हाई सिक्योरिटी जोन में हुई थी तमिलनाडु की अन्ना यूनिवर्सिटी का नाम भारत की टॉप यूनिवर्सिटी में शामिल है। यहां दुष्कर्म की घटना के बाद पूरे तमिलनाडु में हंगामा मच गया था। एफआईआर ऑनलाइन लीक हो गई थी, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर हो गई थी।
अन्ना यूनिवर्सिटी कैंपस के पास ही राजभवन और आईआईटी मद्रास है, जो हाई-सिक्योरिटी जोन में आता है। इसके बावजूद इंजीनियरिंग छात्रा से दुष्कर्म की घटना ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए थे। घटना के विरोध में बीजेपी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने खुद पर कोड़े बरसाए थे। आरोपी पर दुष्कर्म समेत 15 से ज्यादा मामले पहले से दर्ज थे। आरोपी ज्ञानशेकरन यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर फुटपाथ पर बिरयानी बेचता है। उसके खिलाफ 2011 में भी एक लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला दर्ज है। पूछताछ में दोषी ज्ञानशेकरन ने चेन्नई में कई घरों में चोरी करने की बात भी कबूल की थी। सूत्रों ने बताया था कि उसके पास से 100 से ज्यादा सोने के सिक्के और एक लग्जरी एसयूवी जब्त की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *