
दो ठगोरे गिरफ्तार
इन्दौर। पेट्रोल पंप कर्मचारियों से आनलाइन पैसे ट्रांसफर करने का बता नकद ले ठगी करने के मामले पुलिस ने दो एक्टिवा सवार ठगोरों को गिरफ्तार किया है। मामले में बताया जा रहा है कि उन्होंने दो पेट्रोल पंपों पर जाकर वहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी को भावनात्मक रूप से ब्लेकमेल करते अपने पिता के इलाज हेतु पैसे की जरूरत बता ठगी की इस घटना को अंजाम दिया। मामला कनाड़िया थाना क्षेत्र का है। कनाड़िया थाना पुलिस के अनुसार नितिन पाटीदार निवासी मित्रबंधु नगर की शिकायत पर एक्टिवा क्रमांक MP 09 U 5571 पर आएं दो युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर एक्टिवा नंबर के आधार पर ठगोरे युवक धीरज और सुयश को गिरफ्तार कर लिया है। नितिन ने पुलिस को दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि 22 मई को वह कनाडिया स्थित पाटीदार फ्यूल स्टेशन पर ड्यूटी पर था। रात के समय एक्टिवा से दो युवक पहुंचे और पिता की तबीयत गंभीर होने की बात कहकर 6 हजार रुपए नकद की जरूरत बताते दोनों युवकों ने उससे कहा कि उनके पिता फीनिक्स अस्पताल में भर्ती हैं और दवाइयों के लिए तत्काल रुपए चाहिए। उन्होंने फोन पे से भुगतान करने की बात कही और ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाकर पैसे ले लिए। लेकिन पंप के अकाउंट में राशि नहीं पहुंची। दो दिन बाद तक पेमेंट नहीं आने पर नितिन ने अपने मैनेजर को जानकारी दी जिसके बाद पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार नितिन ने जब उसके साथ हुई इस ठगी की घटना की चर्चा अपने परिचित हंस पेट्रोल पंप के कर्मचारी रोहित प्रताप से की, तो उसने भी इसी तरह की वारदात का खुलासा किया। रोहित ने बताया कि उसके साथ भी 16 मई को उसी एक्टिवा नंबर से दो युवक आए थे और इसी तरह का झांसा देकर आनलाइन पेमेंट कर 4500 रुपए लेकर चले गए थे। पुलिस के अनुसार शिकायत दर्ज होने के बाद एक्टिवा नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान धीरज पुत्र दिनेश गोयल व सुयश उर्फ सन्नी के रूप में कर दोनों को हिरासत में ले पूछताछ कार्रवाई शुरू कर दी है।
