Spread the love

नहीं हो सकी शव की पहचान, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटैज
गाजियाबाद। गाजियाबाद स्थित शिवपुरी वाटिका के पास बेहटा नहर के किनारे मंगलवार सुबह एक सूटकेस में अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। लोनी बॉर्डर थाने की पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का जायजा लिया। शुरुआती जांच में महिला की उम्र करीब 26 साल बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की रिपोर्ट्स की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक यह इलाका सुनसान है और यहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं, जिसके कारण जांच में दिक्कत आ रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव की स्थिति देखकर लगता है कि हत्या कहीं और की गई होगी और शव को यहां ठिकाने लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक महिला की मांग में सिंदूर और पैरों में बिछिया देखकर यह साफ हो रहा है कि वह शादीशुदा है। एसीपी ने बताया कि आज सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि नहर रोड पर एक सूटकेस पड़ा है। मौके पर पहुंचकर फील्ड यूनिट के सहयोग से सूटकेस खोला गया, जिसमें एक महिला का शव मिला। महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *