
मध्य प्रदेश के मुरैना से आए दूल्हे को दलालों ने फंसाया
सासाराम। मध्य प्रदेश के इंदौर सोनम और राजा रघुवंशी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बिहार के सासाराम में एक भगोड़ी दुल्हन की कहानी सामने आई है। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के मुरैना जिला स्थित कैलासर के रहने वाला मोनू राज शिवहरे एक दलाल के माध्यम से ढाई लाख रुपए देकर रोहतास जिले के तिलौथू की काजल कुमारी से शादी रचाने पहुंचा था। सासाराम के धर्मशाला मोड़ पर स्थित एक धर्मशाला में फर्जी पंडित ने मोनू राज की ही शादी करा दी। जिसके बाद टॉयलेट जाने के बहाने पहले नई नवेली दुल्हन फरार हो गई उसके बाद कथित लड़की के फर्जी चाचा, फर्जी बहन, फर्जी मामा भी ढाई लाख रूपए लेकर फरार हो गए। आख़िरकार रोता हुआ दूल्हा सासाराम के नगर थाने में फरियाद लेकर पहुंचा। बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में सासाराम के तकिया मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही पिंकी देवी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उसने ही धर्मशाला के एक कमरे में शादी कराने के लिए ढाई लाख रुपए नकद लिया और फर्जी शादी कराया। इस दौरान दुल्हन सहित सभी फर्जी रिश्तेदार फरार हो गये। बताया जाता है की लड़की अपने साथ आभूषण और कई उपहार भी लेकर भाग गई है। फिलहाल पुलिस ने एक कथित चाची को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। राजो देवी नामक यह महिला करगहर की रहने वाली है। जो दुल्हन की कथित तौर पर चाची बनी थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पीड़ित दूल्हा और उसके भाई ने पुलिस को बताया कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर का वो रहने वाला है। वहां लड़कियों की कमी है। जिसके चलते कई लड़के कुंवारे ही जीवन बीता रहे हैं। ऐसे में दलाल के माध्यम से संपर्क हुआ कि बिहार में ढाई लाख रुपए में शादी के लिए लड़की मिल जाएगी। इस पूरे प्रकरण में पिंकी देवी नामक महिला ही मास्टरमाइंड है। दूल्हा पक्ष ने पैसे के लेनदेन का वीडियो भी बना लिया है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
