
प्रतापगढ़ । प्रतापगढ़ जिले के एक नवविवाहित जोड़े की गाड़ी सिक्किम में करीब 1000 फीट गहरी खाई में जा गिरी है। यह हादसा 29 मई को तब हुआ जब वे भारी बारिश के बीच लाचेन से लाचुंग लौट रहे थे। गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे, जिसमें दंपति के अलावा 7 अन्य पर्यटक भी थे। पिछले 13 दिन से पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम उनकी खोज कर रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नवविवाहित दूल्हा कौशलेंद्र प्रताप सिंह (29) प्रतापगढ़ का निवासी है और भाजपा नेता उम्मेद सिंह का भतीजा है। उसकी शादी 5 मई को अंकिता सिंह (26) से हुई थी, जो चिवलाहा गांव की निवासी हैं। कौशलेंद्र और अंकिता 25 मई को ट्रेन से सिक्किम की यात्रा पर निकले थे और 26 मई को मंगन जिले पहुंचे थे। 29 मई को जब वे लाचेन से लाचुंग वापस जा रहे थे, तब अचानक भारी बारिश हुई और उनकी गाड़ी तीस्ता नदी के पास खाई में गिर गई। उनके साथ वाहन में सवार सात अन्य पर्यटक भी लापता हैं। इसमें 2 यूपी, 2 त्रिपुरा और 4 ओडिशा निवासी हैं। एक स्थानीय चालक भी गाड़ी में था।
बताया जा रहा है कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक किसी भी लापता व्यक्ति का पता नहीं चला है। सिक्किम के अधिकारियों ने बताया है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गाड़ी नदी में गिरने के कारण वे डूबे हैं या किसी और वजह से लापता हैं। हालांकि, होटल से उनका सामान बरामद हो चुका है।
कुछ दिन पहले कौशलेंद्र के पिता शेर बहादुर, अंकिता के भाई और चाचा सहित सात सदस्य सिक्किम पहुंचे थे और वहां उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर लापता जोड़े की खोज के लिए सहायता मांगी थी। परंतु अब तक कोई खबर नहीं मिल सकी है।
