Spread the love

पुलिस की सतर्कता से डकैती की साजिश नाकाम
गुना | शहर में डकैती की एक बड़ी साजिश को गुना पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। कैंट थाना पुलिस ने भगत सिंह कॉलोनी के पास डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार हो गए। आरोपियों के पास से दो देशी कट्टे, जिंदा राउंड, लोहे की रॉड व टामी सहित कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगत सिंह कॉलोनी के कच्चे रास्ते पर कुछ बदमाश डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की, जहां से भगदड़ की स्थिति में पांच बदमाशों को दबोच लिया गया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
गिरफ्तार बदमाशों में समीर पारदी (20), धीरेन्द्र पारदी (19), रक्षित पारदी (19), आकाश जाटव (20) और एक विधि विवादित किशोर शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने अपने फरार साथियों के नाम संदीप पारदी और पारस पारदी बताए। तलाशी में आरोपियों के पास से दो कट्टे, दो जिंदा राउंड, लोहे की रॉड, टामी और पाइप बरामद हुए। वहीं घटनास्थल से तीन बाइक भी जब्त की गईं जिनमें एक पल्सर, एक हीरो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटर शामिल है। पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की और पांच मोटरसाइकिलें गुप्तगंगा क्षेत्र के जंगल में छिपाकर रखने की बात कबूली। पुलिस ने वहां से टीव्हीएस स्पोर्ट, सुपर स्प्लेंडर, होंडा शाइन, हीरो स्प्लेंडर और हीरो डीलक्स बाइक बरामद की। बाइक मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में कैंट थाने में अपराध क्रमांक 635/25 धारा 310(4), 310(5), 25(1-ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *