घर में जमीं थी जुए की महफिल, पुलिस पहुंची तो मची भगदड़
छिंदवाड़ा। सामाजिक बुराई वाले अपराधों पर अंकुश लगाने पुलिस कप्तान ने जिले भर के थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। कप्तान के निर्देश के बाद चांद पुलिस ने मंगलवार की रात वार्ड नं. १० स्थित जयप्रकाश माहोरे के घर पर दबिश देकर ६ लोगों को हारजीत का दांव लगाते हुए पकड़ा है। बड़ी बात यह है कि इस जुआ फड़ में पूर्व नगर परिषद के अध्यक्ष के पति ऋषि वैष्णव तथा पंचगांव सोसायटी के प्रबंधक श्रीराम चौरसिया भी दांव लगाते हुए पकड़े गए। मामले में चांद थाना प्रभारी महेन्द्र भगत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड नं. १० में रहने वाले जयप्रकाश माहोरे के घर पर कुछ लोग हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस को देख जुआरियों में भगदड़ मच गई। मौके से पुलिस ने ६ लोगों को जिनमें ऋषि पिता सुदामादास वैष्णव, श्रीराम पिता भैयालाल चौरसिया, बबल पिता लालसिंह साहू, संजय पिता सबलसिंह रघुवंशी, नेपाल पिता सावनय धोखे, जयप्रकाश पिता चुन्नीलाल माहोरे सभी निवासी चांद को पकड़ा गया है। इनके कब्जे से पुलिस ने १० हजार १२० रूपए नकदी और ६ मोबाइल सहित कुल १ लाख ५० हजार रूपए का मशरूका बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ जुआ एक्ट सहित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

