Spread the love

बालाघाट। कोतवाली थाना पुलिस ने शहर के मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आदतन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय सैय्याम (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 33 गायखुरी और गौरव राउत (20 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 22 कंडरा मोहल्ला शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 4970 रुपए नगद सहित अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14-15 मई की रात वैनगंगा नदी के बजरंग घाट स्थित हनुमान मंदिर और दुर्गा मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की थी। इस घटना की सूचना चंद्रभूषण तिवारी द्वारा थाने में दी गई थी। इसके बाद 8-9 जून की दरम्यानी रात मोतीनगर स्थित बाल हनुमान मंदिर में भी चोरी की वारदात हुई, जहां अज्ञात चोरों ने दो दानपेटियों के ताले तोड़ दिए और एक दानपेटी सहित करीब 20 हजार रुपए की चोरी कर ली। इस संबंध में उमाशंकर बिसेन ने पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर संजय सैय्याम को बजरंग घाट मंदिर चोरी मामले में गिरफ्तार किया। वहीं, बाल हनुमान मंदिर की चोरी में संजय के साथ गौरव राउत की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी गौरव राउत के खिलाफ पहले से ही थाने में 5 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि संजय सैय्याम के खिलाफ 3 प्रकरण पंजीबद्ध हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपी और किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *