Spread the love

विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों ने जाकर की रायशुमारी , संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत कर रहे चर्चा
बालाघाट । .कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के उद्देश्य से इन दिनों बालाघाट में पर्यवेक्षकों का दौरा जारी है। शनिवार को दूसरे दिन परसवाड़ा, बैहर और लांजी विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षकों ने बैठक ली और कार्यकर्ताओं से जिले के नए अध्यक्ष के लिए रायशुमारी की। पहली बार कांग्रेस में राहुल गांधी के निर्देश पर पर्यवेक्षक सीधे कार्यकर्ताओं से रुबरु हो रहे हैं और उनसे रायशुमारी कर जिला अध्यक्ष के लिए नाम तय करने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं। इस बीच बालाघाट में नए अध्यक्ष के लिए दावेदार खुलकर सामने आने लगे हैं। अभी तक अध्यक्ष की दौड़ में जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सरसवार, भोजेश पटले, विशाल बिसेन, अनूप सिंह बैस, जुगल शर्मा, नितिन भोज आदि के नाम सामने आ रहे थे। परंतु शनिवार से अजय अवसरे का नाम एकाएक उभरकर सामने आया है। कल तीन विधानसभा क्षेत्रों में उनके नाम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
पर्यवेक्षकगण शनिवार को बैहर से परसवाड़ा पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में विधायक मधु भगत, बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे, पूर्व विधायक हिना कावरे, पूर्व सांसद विश्वेश्वर भगत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पर्यवेक्षकों ने परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसजनों, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जनपद उपाध्यक्ष, सरपंच, पार्षद, ब्लॉक, मंडल, सेक्टर, बूथ, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, मोर्चा संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अध्यक्ष के लिए रायशुमारी की। इसी तरह दोपहर करीब 3 बजे से बैहर में और शाम 6 बजे लांजी क्षेत्र में बैठक ली। जहां से चर्चा करने के बाद शनिवार की शाम को पर्यवेक्षकगण पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कावरे के निवास पहुंचे। जहां भोजन ग्रहण करने के बाद वे बालाघाट पहुंचे। रविवार 15 जून को दोपहर 12 बजे से कटंगी विधानसभा, 2 बजे वारासिवनी विधानसभा व 4 बजे बालाघाट विधानसभा क्षेत्र की बैठक लेंगे।

विधायक को रखा गया प्रक्रिया से दूर?
आमतौर पर कांग्रेस में यह परिपाटी चली आ रही है कि विधायक, सांसद और पार्टी के असरदार नेताओं की रायशुमारी से ही अध्यक्ष का चयन होता रहा है। परंतु इस बार ऐसा बताया जा रहा है कि पर्यवेक्षकों को अध्यक्ष चयन प्रक्रिया में विधायकों और जनप्रतिनिधियों को दूर रखने के निर्देश है। बताया जाता है कि बूथ के कार्यकर्ता से लेकर कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करके जिला अध्यक्ष के लिए नाम प्रस्तावित करना है। इस प्रक्रिया के चलते बैठकों में विधायकों की भूमिका इस बार बड़ी नगण्य सी नजर आ रही है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि अंत में वही होगा, जो अभी तक होता आया है। विधायक और बड़े नेता मिलकर नाम तय कर लेेंगे और उसे अध्यक्ष बना दिया जाएगा। इन सब खबरों पर विराम अध्यक्ष के नाम की घोषणा के बाद ही संभव है। बताया जाता है कि मौजूदा विधायक और पूर्व सांसद, विधायकगण संजय उइके को ही अध्यक्ष बनाए रखना चाहते हैं। वहीं दावेेदारों का कहना है कि राहुल गांधी ने स्पष्ट रुप से कहा है कि सभी जगह नए अध्यक्षों की नियुक्ति होना है और सभी जगह वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया गया है, इसलिए उनसे अध्यक्ष के लिए सिर्फ एक ही नाम भेजने का आग्रह किया गया है। अब यह देखना होगा कि कांग्रेस में कुछ बदल रहा है या वही पुराने ढर्रे पर चल रही है।

कैसे हो रही है रायशुमारी
केंद्रीय पर्यवेक्षक सुरज हेगड़े, उमंग सिंघार, संगठन प्रभारी पूर्व मंत्री लघन घनघोरिया, दिनेश यादव रायशुमारी करने विधानसभावार बैठकें ले रहे हैं। परंतु रायशुमारी के केंद्रबिंदु में सूरज हेगड़े नजर आते है। कल तीन विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी में जो नाम उभरकर सामने आ रहे हैं उनमें मौजूदा जिला अध्यक्ष संजय उइके और लांजी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अजय अवसरे का नाम सबसे उपर है। बैहर विधानसभा में अधिकांश लोगों ने संजय उइके को ही अध्यक्ष बनाने की राय दी है। जबकि ऐसे भी बहुत से कार्यकर्ता नजर आए जिन्होंने कहा कि यदि संजय उइके को अध्यक्ष नहीं बनाया जाता है तो अजय अवसरे को अवसर दिया जाना चाहिए। पार्टी को युवा और सक्रिय अध्यक्ष की जरुरत है। अजय अवसरे के पास संगठन का लंबा अनुभव है और वे जनपद उपाध्यक्ष के नाते जनता के बीच लगातार काम भी कर रहे है। कुल मिलाकर बैठक में शामिल कार्यकर्ता सूरज हेगड़े को ही अपनी राय बताने के लिए नजर आते हैं। कांग्रेस में एक और नई बात सामने आ रही है जिसमें कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी के वफादार लोगों को ही अध्यक्ष बनाना चाहिए। और जो विधायक या अन्य चुनाव लड़ चुके हैं, उन्हें संगठन से दूर रखना चाहिए। ऐसे में कार्यकर्ताओं में संदेश अच्छा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *