परिजनों ने ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप लगाया; दो एकड़ जमीन का विवाद

सागर। बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र में दो एकड़ जमीन के विवाद में एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष के करीब 6 से 8 लोगों ने मिलकर दूसरे पक्ष के लखन लोधी और उनकी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। चोटों के कारण लखन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं पत्नी लीला लोधी का इलाज चल रहा है।परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने लखन लोधी के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रकरण दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमरा रामचंद्र में लखन लोधी की जमीन है। जिसको लेकर परिवार के अन्य सदस्यों से विवाद चल रहा था। सीमांकन के बाद पत्थर लगे थे, जिन्हें किसी ने निकाल दिया। पत्थर लगाने के लिए लखन पत्नी के साथ खेत पर पहुंचे।खेत पर आरोपियों ने हमला कर मारपीट की। विवाद होते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराया। घायल पति-पत्नी को बीएमसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान लखन लोधी की मौत हो गई। बंडा थाना प्रभारी अंजली उदेनिया ने बताया कि जमीनी विवाद में हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
