
कुंडम रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा
जबलपुर। शाहपुरा से कुंडम लौट रहे एक परिवार की खुशियों भरी रात दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई जब उनकी पिकअप वाहन डिंडौरी रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बिष्णु कुशवाहा नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 5-6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुंडम निवासी बिष्णु कुशवाहा अपने परिवार के 10–12 सदस्यों के साथ पिकअप (एमपी 20 जीबी 5463) से शाहपुरा रिश्तेदार के यहां पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 1 बजे वे लोग वापस लौट रहे थे कि तभी डिंडौरी रोड पर चालक को नींद का झोंका आ गया। वाहन तेज रफ्तार में था और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, और सामने बैठे बिष्णु कुशवाहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद कुंडम पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक कार्रवाई करते हुए घायलों को कुंडम अस्पताल भेजा। इसके बाद शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
हालांकि हादसे का स्थल शाहपुरा और कुंडम की सीमा के बीच था, ऐसे में थाना क्षेत्र को लेकर असमंजस की स्थिति बनी, लेकिन दोनों थानों की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय गंवाए बिना मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। बाद में स्पष्ट हुआ कि घटना स्थल शहपुरा थाना क्षेत्र में आता है, जिसके बाद शहपुरा पुलिस ने जांच की कमान संभाल ली।
