
नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मिला स्वीकृति पत्र
कटनी। विगत दिवस कार्यालय नगर पालिक निगम कटनी में आयोजित मुख्यमंत्री संबल योजना का कार्यक्रम फॉरेस्टर वार्ड निवासी लक्ष्मी निषाद के लिए खुशियों का सबब बना। जहां महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे की मौजूदगी में मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत परिवार को मदद स्वरूप 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया। फॉरेस्टर वार्ड झर्रा टिकुरिया निवासी श्रीमती लक्ष्मी निषाद एक गरीब परिवार से आती हैं। उनका परिवार मेहनत-मजदूरी करके उदर-पोषण करता है। परिवार के ऊपर विपत्ति तब आई जब 7 अगस्त 2022 को घर के मुखिया राजेंद्र केवट की लीवर की समस्या के चलते मृत्यु हो गई। राजिंद्र केवट की मृत्यु ने पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को भावनात्मक रूप से भी तोड़ दिया। परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। घर की सारी जिम्मेदारी लक्ष्मी निषाद पर आ गई।
योजना से मिली नई ऊर्जा
राजेंद्र केवट का नाम मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना 2.0 में पंजीकृत था। उनकी मृत्यु के बाद योजना के तहत विगत दिवस निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनकी पत्नी लक्ष्मी निषाद को संबल अनुग्रह की 2 लाख रुपये की राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
इस राशि से न केवल परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिलेगी, बल्कि उनके भविष्य को संवारने का अवसर भी दिया। लक्ष्मी निषाद कहती हैं, यह राशि हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं यह सहायता हमें फिर से जीने की ताकत दे रही है। लक्ष्मी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जैसे असहाय परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़े होने का मौका दिया है। संबल योजना ने न केवल आर्थिक सहायता दी, बल्कि एक टूटे हुए परिवार को फिर से खड़ा करने की प्रेरणा भी दी।
