Spread the love

इन्दौर । लखनऊ से इंदौर शादी में शामिल होने आई दो महिलाओं के करीब बीस लाख की कीमत के सोने व हीरे के जेवर चुराने वाले आरोपी को पुलिस ने पांच घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जबलपुर की एक बैंक में असिस्टेंट मैनेजर हैं और दोनों महिलाएं रिश्ते में उसकी साली और मौसी सास लगती है। मामला लसूडिया थाना क्षेत्र का है और आरोपी चोरी करने के बाद चोरी का माल दोस्त के घर रख खुद ही थाने पहुंचा और एफआईआर के लिए दबाव बनाने लगा था। लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी के अनुसार, आरोपी का नाम वरुण पिता विशिष्ट नारायण शुक्ला उम्र चालीस साल निवासी जेडीए विजय नगर पट्टी चौक जबलपुर है। वह अपनी साली प्रियंका तिवारी निवासी लखनऊ, व रिश्तेदारों के साथ थाने पहुंचा था। प्रियंका ने पुलिस को बताया कि वह बहन की शादी में आई और अन्य रिश्तेदारों के साथ निपानिया स्थित एक होटल में ठहरे हैं। एक रूम में मैं और मौसी तो दूसरे में वरुण ठहरे हैं। हम शुक्रवार रात 10:30 बजे रूम लॉक कर खाना खाने चले गए। रात 1:30 बजे लौटे तो हमारे पर्स खुले थे और जेवर-नकदी गायब थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच कार्रवाई करते एसआई सोमनाथ मौर्य की टीम ने होटल स्टाफ, फरियादी व रिश्तेदारों से पूछताछ की तो वरुण पर संदेह हुआ, क्योंकि वही वॉश रूम जाने के बहाने प्रियंका के रूम की चाबी लेकर नीचे आया था। वरुण के ड्राइवर ने बताया, साहब एक बैग लेकर आए थे। दोस्त के घर सामान रखकर चले गए। पुलिस ने जब वरूण पर सख्ती दिखाई तो वरुण ने चोरी कबूल ली जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर गहनों का बैग बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *