Spread the love

एईआरओ को 25 हजार और ईआरओ को 30 हजार रुपए देगा चुनाव आयोग
दमोह। चुनाव आयोग ने बूथ लेवल अधिकारी और सुपरवाइजर का पारिश्रमिक बढ़ाने के बाद अब सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) और चुनाव रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के लिए भी पारिश्रमिक देने का फैसला लिया है। आयोग ने शनिवार को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। आयोग अब तक एईआरओ और ईआरओ को चुनाव संबंधी काम के बदले पारिश्रमिक या मानदेय नहीं देता था। सिर्फ बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को ही मतदाता सूची का काम करने पर राशि दी जाती थी।
बिहार चुनाव के पहले भारत निर्वाचन आयोग ने देशभर में चुनाव आयोग के लिए काम करने वाले सहायक चुनाव रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और चुनाव रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को भी प्रोत्साहित करने का फैसला लिया है। अब सहायक चुनाव रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को 25 हजार रुपए और चुनाव रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को एक साल में 30 हजार रुपए पारिश्रमिक के रूप में दिए जाएंगे। आयोग ने पिछले माह बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का फैसला लिया था। तब बीएलओ के साथ सुपरवाइजर को भी पारिश्रमिक देने का निर्णय लिया था। चुनाव आयोग ने देश के सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों को इसके आधार पर भुगतान के निर्देश दिए हैं। एमपी में नए निर्देश के बाद बीएलओ को हर महीने एक हजार रुपए के हिसाब से मानदेय मिलने लगेगा। पहले यह 500 रुपए महीने के हिसाब से मिल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *