Spread the love

समस्तीपुर। इन दिनों बिहार में फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र को लेकर नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। अभी ‘डॉग बाबू’ के नाम से आवासीय प्रमाण पत्र बनाने का आवेदन सामने आने के बाद हड़कंप मचा गया था और यह मामला थमा भी नहीं है कि अब सीधे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आवासीय प्रमाण पत्र बनाने का आवेदन सामने आया है। दरअसल समस्तीपुर जिले में एक शख्स ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोटो और नाम लगाकर निवास प्रमाण पत्र के लिए फर्जी आवेदन किया। हालांकि जांच के बाद आवेदन को अस्वीकार कर दिया गया और साइबर थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई गई है। मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर अंचल में किसी अज्ञात व्यक्ति ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर और नाम का उपयोग कर निवास प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया।

यह आवेदन 29 जुलाई 2025 को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन संख्या BRCCO/2025/17989735 के तहत प्राप्त हुआ था। आवेदन में नाम डोनाल्ड जॉन ट्रंप, पता ग्राम हसनपुर, वार्ड संख्या 13, पोस्ट बाकरपुर, थाना मोहिउद्दीननगर, जिला समस्तीपुर दर्ज किया गया था। जांच में पाया गया कि आवेदन पत्र में लगी फोटो, आधार संख्या, बारकोड और पते से संबंधित जानकारियों में जानबूझकर छेड़छाड़ की गई थी। यह बात संज्ञान में आते ही राजस्व अधिकारी द्वारा आवेदन को अस्वीकृत कर दिया गया। मोहिउद्दीननगर के सीओ ने कहा कि यह हरकत जानबूझकर मजाक उड़ाने और सिस्टम को बदनाम करने के इरादे से की गई है। यह कृत्य आईटी एक्ट का उल्लंघन है और इसकी शिकायत स्थानीय साइबर थाना पुलिस से की गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *