
बिहार के सासाराम से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा
पटना। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के सासाराम से वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत की। राहुल गांधी ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत के अवसर पर विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा – खरगे जी, लालू प्रसाद यादव जी, तेजस्वी जी, केसी वेणुगोपाल जी, दीपांकर भट्टाचार्य जी, मुकेश सहनी जी, कॉमरेड संतोष जी, सुभाषिनी अली जी, कृष्णा अल्लावरु जी, राजेश राम जी, शकील अहमद जी, मदन मोहन झा जी, अखिलेश प्रताप सिंह जी, मनोज कुमार जी, स्टेज पर इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता, भाईयो और बहनो, आप सबका यहाँ बहुत-बहुत स्वागत, नमस्कार। देखिये ये संविधान को बचाने की लड़ाई है। पूरे हिंदुस्तान में आरएसएस और बीजेपी संविधान को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। हर चुनाव में नरेंद्र मोदी जी और बीजेपी जीतती है, जहाँ भी देखो चुनाव होता है ये जीतते हैं। महाराष्ट्र में सारे के सारे जो ओपिनियन पोल्स थे, वो कह रहे थे कि इंडिया गठबंधन महाराष्ट्र में चुनाव जीतेगा। लोकसभा (चुनाव) के समय हमारा गठबंधन महाराष्ट्र में चुनाव जीतता है, उसके चार महीने बाद उसी महाराष्ट्र में बीजेपी का गठबंधन स्वीप करता है, चुनाव जीतता है।
राहुल गांधी ने अपने चिर परिचित अंदाज में निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह संस्था अब निष्पक्ष नहीं रही। वह सरकार के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों के पास सिर्फ वोट की ताकत है, हम चुराने नहीं देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में भी यही पैटर्न दोहराया जा रहा है, जहां गरीबों और वंचितों का नाम वोटर लिस्ट से हटाया जा रहा है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस की मांग के बावजूद वीडियोग्राफी नहीं कराई गई, उल्टा निर्वाचन आयोग ने पार्टी से हलफनामा मांगा। वोट अधिकार यात्रा 1 सितंबर तक चलेगी और बिहार के करीब 20 जिलों की 60 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। राहुल ने कहा महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के चार महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को चमत्कारिक जीत मिली। जब हमने इसकी जांच की, तो पाया कि इस दौरान एक करोड़ नए वोटर लिस्ट में जुड़ गए। जिनमें से अधिकांश ने एनडीए को वोट किया।
- लालू यादव का राहुल ने किया गर्मजोशी से स्वागत
सासाराम की जनसभा में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से और अधिक वजनदार बना दिया। मंच पर लालू के आते ही राहुल गांधी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि लालू जी आप आए, आपको डॉक्टर ने कहा कि नहीं आना चाहिए, मगर आपने कष्ट किया, आप आए। आपका दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद। - बिहार ‘लोकशाही’ की जन्म भूमि है- मलिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन में कहा, बिहार ‘लोकशाही’ की जन्म भूमि हैं। राहुल गांधी जी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ सासाराम से आरंभ हो रही है। यह यात्रा 16 दिनों में, 20 जिलों से होकर 1,300 किमी का सफर तय करेगी और 1 सितंबर को ऐतिहासिक गांधी मैदान में समाप्त होगी। देश में सभी को वोट का अधिकार संविधान ने दिया। इसमें भी नेहरु जी और बाबासाहेब डॉ आंबेडकर का सबसे बड़ा योगदान था। बिहार में वोटर लिस्ट से 65 लाख मतदाताओं के नाम काट दिए गए। पहले से ही बीजेपी चुनाव में वोटर लिस्ट गड़बड़ी का काम बड़े पैमाने पर करती रही है। विरोधी दलों के समर्थकों के नाम voter list से कटवा देती हैं। इसीलिए उन्होने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को दरकिनार करके चीफ इलेक्शन कमिश्नर की सेलेक्शन कमिटी में चीफ जस्टिस को हटाकर, केंद्रीय मंत्री को बैठा दिया। - वोट भी छीन लोगे क्या?- तेजस्वी यादव
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंच से एक तीखा सवाल पूछा। उन्होंन कहा कि अब तो गरीबों से उनका वोट भी छीन लोगे क्या? तेजस्वी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग गहन पुनरीक्षण के नाम पर सुनियोजित तरीके से गरीबों, दलितों और पिछड़ों का नाम मतदाता सूची से हटा रहा है। - संसद में चर्चा नहीं होने पर बिहार में शुरू किया वोटर अधिकार यात्रा
केंद्र सरकार द्वारा एसआईआर लागू करने के बाद इसके खिलाफ संसद में चर्चा की कोशिश की गई थी, लेकिन चर्चा न होने के बाद राहुल गांधी ने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया। इस यात्रा में बिहार सरकार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। यह यात्रा रविवार दिनांक 17 सितंबर को रोहतास जिले के सासाराम रेलवे पड़ाव मैदान से शुरू हुई और 1 सितंबर को पटना में समाप्त होगी। वोट अधिकार यात्रा बिहार के करीब 20 जिलों की 60 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। बहरहाल करीब 900 किलोमीटर की यह यात्रा कांग्रेस की अब तक की सबसे बड़ी जनसंपर्क यात्रा मानी जा रही है, जिसमें राहुल गांधी प्रत्येक जिले और विधानसभा में जाकर मतदाताओं से संवाद करेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि इससे कांग्रेस को ग्रामीण इलाकों में फिर से आधार बनाने में मदद मिलेगी।
