Spread the love

बालाघाट। जिले के भरवेली थाना के सामने मुख्य मार्ग पर एक यात्री बस के चालक ने मोटर साइकिल को ठोकर मार दी। घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों ही घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार उदय पिता कृष्णकुमार नगपुरे 19 वर्ष व प्रदीप पिता राजेश मेश्राम 20 वर्ष दोनों ग्राम पायली थाना भरवेली निवासी बालाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे भरवेली थाना के सामने पहुंचे थे, वैसे ही बैहर से बालाघाट की ओर आ रही यात्री बस ने उन्हें ठोकर मार दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने डायल 100 की मदद से दोनों ही घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रवाना किया। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने दोनों ही घायलों का उपचार प्रारंभ कर दिया। गंभीर रुप से घायल युवक उदय नगपुरे का प्राथमिक रुप से उपचार करने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल पुलिस चौकी को तहरीर मिलने पर पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच के लिए डायरी संबंधित थाना को भिजवा दी है।
बताया गया है कि घटना में घायल दोनों युवक आपस में दोस्त है, जो किसी काम से गुरुवार को बाइक से बालाघाट आए थे। बालाघाट से काम संपन्न करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *