Spread the love

बिहार में वोटर अधिकार यात्रा में तेजस्वी यादव का ऐलान
नवादा। बिहार में चल रही राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा तीसरे दिन मंगलवार को नवादा पहुंची तो आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव भी लगातार उनके साथ हैं। तेजस्वी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि आप लोग गठबंधन की सरकार बनाएं और जल्द ही राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और बिहार में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर आयोग को निशाने पर ले रहे हैं।
नवादा में वोटर अधिकार यात्रा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी के लोगों से वोट का अधिकार छीनना चाहते हैं। चुनाव आयोग और बीजेपी के लोग सोचते हैं कि बिहार के लोगों को चूना लगा देंगे। उन्होंने कहा कि हम लोग बिहारी हैं बिहारी, एक बिहारी सब पर भारी है। चूना तो हम लोग खैनी में रगडक़र फेंक देते हैं। तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी अचेत अवस्था में हैं। 20 साल पुरानी खटारा सरकार को उखाड़ फेंकना है। कोई जाति धर्म के भाई हों तेजस्वी सबको साथ लेकर चलेगा। उन्होंने कहा कि हम नए जमाने के लोग हैं, बिहार सबसे युवा प्रदेश है, ये सरकार हमारे नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रही है।
वोट गया तो राशन, जमीन सब चला जाएगा
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा शेखपुरा जिले के बरबीघा पहुंची। यहां श्री कृष्ण सिंह चौक पर राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा वोट चोरी नहीं होने देंगे। वोट हम सब का अधिकार है। हिंदुस्तान में गरीबों के पास आज सिर्फ वोट बचा हुआ है। अगर ये चला गया तो सब चला गया जाएगा। महाराष्ट्र, हरियाणा, मध्य प्रदेश के चुनाव में बीजेपी ने वोट चोरी की है। चुनाव आयोग वोट चोरी करवा रहा है। तेजस्वी यादव ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 20 साल हम लोगों ने बहुत सहा है। अब नहीं। शिक्षा-स्वास्थ्य सब चौपट है। अब इन लोगों को हटाने का वक्त का गया है।
बिहार का वोट चोरी नहीं करने देंगे
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में लाखों लोग हैं जिन्होंने वोट दिया, वोटर लिस्ट में नाम था और उनका नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया। चुनाव आयोग और भाजपा के बीच में पार्टनरशिप है। ये मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयुक्त मिलकर आपसे वोट छीन रहे हैं। मैं, तेजस्वी और बाकी नेता उनसे कहना चाहते हैं कि हम आपको बिहार का वोट चोरी नहीं करने देंगे। महाराष्ट्र, हरियाणा, मध्य प्रदेश के चुनाव इन्होंने चोरी किए हैं।
नवादा और गया में दलितों पर हो रहा अत्याचार
सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा, बिहार में बदलाव वाला चुनाव है। जिस इलाके में अभी हमलोग हैं, यहीं पर पिछले साल 2024 के जून में 260 किलोमीटर की पदयात्रा की थी। 2023 के सितंबर महीने में इसी नवादा के कृष्णनगर में एक दलित बस्ती में आग लगा दी गई थी। दलितों को उनके ही जमीन से बेदखल करने की कोशिश की गई थी। उसी समय पर बिहार में भूमि सर्वे चल रहा था, जिसको लेकर उनपर जुर्म किया गया था। नवादा और गया में दलितों पर अत्याचार हो रहा है, जिससे दलितों में आक्रोश हैं। इसकी वजह से बिहार के हर कोने से नारा लगने लगे हैं, बदलो सरकार, बदलो बिहार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *