Spread the love

चारा पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने दिए आवश्यक निर्देश
कटनी। नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने मंगलवार को स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी के साथ नगर निगम द्वारा दिल्ली पब्लिक स्कूल के आगे निर्माणाधीन अस्थाई गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान निगमायुक्त श्री दुबे ने गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन कर पशुओं के लिए चारा, पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गौशाला परिसर की स्वच्छता व्यवस्था नियमित रूप से बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से उचित प्रबंध करने तथा गौशाला परिसर के रखरखाव को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उल्लेखनीय है कि नागरिकों को सुगम यातायात व्यवस्था मुहैया कराने सहित नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से सार्वजनिक मार्गों में आवारा रूप से विचरण करने वाले मवेशियों को पकड़कर गौशाला एवं कांजी हाउस में भेजने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा नगर के अन्य स्थलों के आवारा मवेशियों को क्षेत्रीय स्थलों में रखने के उद्देश्य से अस्थाई गौशाला की आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्ण करने की कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *