
संविदा नीति-2023 लागू किए जाने की मांग, सौंपा ज्ञापन
बालाघाट । जिले में मंगलवार को अलग-अलग शासकीय विभागों के संविदा कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे। कर्मचारियों ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने संविदा नीति-2023 को यथावत लागू करने की मांग की है। इस दौरान कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट गेट पर जमकर नारेबाजी भी की।
भारतीय मजदूर संघ से जुड़े संविदा संयुक्त संघर्ष मंच मध्यप्रदेश के संयोजक विनोद कुमार वट्टी ने बताया कि 4 जुलाई 2023 को पूर्व मुख्यमंत्री ने महापंचायत में घोषणा की थी। जिसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने 22 जुलाई को संविदा नीति जारी कर दी थी। जिसका क्रियान्वयन प्रदेश के सभी विभागों, योजनाओं में नहीं किया गया। जिसके कारण कर्मचारियों के अधिकारियों का हनन हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग, ई-गवर्नेस, पीएचई, सर्व शिक्षा अभियान सहित अन्य विभागों को संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल रहे।
उन्होंने मांग की है कि नियमित कर्मचारियों की तरह उन्हें महंगाई भत्ता प्रदान किया जाए। अर्जित व मेडिकल अवकाश का प्रावधान, सीधी भर्ती में प्रस्तावित 50 प्रतिशत आरक्षण के साथ ही अनुभव के अंक जोड़ते हुए वरियता का लाभ देने, किसी कारणवश कोई योजना बंद होती है तो उसके अंतर्गत कार्यरत समस्त संविदा कर्मचारियों को अन्य योजना में समकक्ष पर नियुक्ति देने का प्रावधान करने सहित अन्य मांगों का उल्लेख किया है।
