
शुजालपुर थाने के प्रधान आरक्षक की मौत, हादसे में एक और घायल
शाजापुर। जिले के शुजालपुर-अकोदिया मार्ग पर सड़क हादसे में घायल प्रधान आरक्षक नरेंद्र परमार की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार शुजालपुर-अकोदिया मार्ग पर रानोगंज के पास सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से टकराकर बाइक सवार पुलिसकर्मी समेत दो लोग घायल हो गए थे। यह घटना बुधवार शाम करीब 8 बजे हुई थी। शुजालपुर से पल्सर बाइक पर सलसलाई जा रहे प्रधान आरक्षक नरेंद्र परमार अचानक सड़क के बीच में खड़े एक ट्रैक्टर से जा टकराए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उन्होंने हेलमेट भी पहना हुआ था। हादसे के बाद अपनी गलती छिपाने के लिए ट्रैक्टर चालक भागने की कोशिश करने लगा। इस जल्दबाजी में वह अपने ही एक साथी के ऊपर से ट्रैक्टर चलाकर निकल गया। घटना की सूचना मिलने पर अन्य पुलिसकर्मी और राहगीरों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था। लेकिन बुधवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। गुरुवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को शुजालपुर सिटी थाना लाया गया। एसडीओपी निमिष देशमुख और थाना प्रभारी प्रवीण पाठक सहित पुलिस अधिकारियों ने गार्ड ऑफ ऑनर के साथ श्रद्धांजलि दी।
2 साल से पुलिस थाने में हेड मुहर्रिर थे
नरेंद्र परमार पिछले दो साल से शुजालपुर पुलिस थाने में हेड मुहर्रिर थे। वे देवास जिले के मेंढकी रोड गांव के रहने वाले थे। शुजालपुर में वे अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए घर भेजा गया है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।
