
12 पार्षदों ने शपथ पत्र के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बालाघाट । लांजी नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा ताराचंद कालबेले के कार्यों से रुष्ठ होकर भाजपा के कुछ पार्षदों समेत निर्दलीय और कांग्रेस समर्थित 12 पार्षदों ने उनको पद से हटाने की मांग को लेकर उनके प्रति अविश्वास होने का शपथ पत्र प्रस्तुत करते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे इन 12 पार्षदों ने कलेक्टर की गैर मौजूदगी में अपर कलेक्टर को अविश्वास का ज्ञापन सौंपा। नियम अनुसार एक चौथाई पार्षद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं। लंाजी नगर पंचायत में 15 पार्षद हैं, अध्यक्ष के खिलाफ 12 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
पार्षदों ने बताया कि अध्यक्ष द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की रुचि नहीं ली जा रही है, जिसके कारण नगर का विकास ठप पड़ा हुआ है। अध्यक्ष पति के द्वारा नगर पंचायत में हस्तक्षेप किया जा रहा है। विपक्षी पार्षदों की कोई सुनवाई नहीं होती। वार्ड की जनता उनसे विकास कार्यों को लेकर सवाल करती है, जिसका वे जवाब नहीं दे पाते हैं। जिसके चलते 12 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास लाया है।
अब क्या होगा
नियम अनुसार कलेक्टर द्वारा किसी अधिकारी को नामित कर नगर पंचायत लांजी की बैठक आहुत की जाएगी। बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर मत विभाजन कराया जाएगा। यदि अध्यक्ष के खिलाफ एक चौथाई मतों के अंतर से अविश्वास प्रस्ताव पारित हो जाता है तो अध्यक्ष रेखा कालबेले को इस्तीफा देना पड़ेगा। इसके बाद पुन: बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें नए अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया होगी।
अध्यक्ष के खिलाफ क्यों आया प्रस्ताव
लांजी नगर पंचायत के गठन के समय से ही भाजपा समर्थित रेखा कालबेले के विरुद्ध भाजपा के ही सदस्य अपनी राय रख रहे थे। परंतु पूर्व विधायक रमेश भटेरे की पंसदीदा उम्मीदवार होने के चलते एवं उस समय इस नाम को लेकर रमेश भटेरे के अडियल रुख के चलते सदस्यों ने रेखा के पक्ष में मतदान किया था। हालांकि, उस समय भी रेखा के खिलाफ मतदान किए जाने की कांग्रेस की ओर से पूरी तैयारी थी। परंतु कांग्रेस की ही पार्षद विभा तिवारी द्वारा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के विरोध में चले जाने के फलस्वरुप भाजपा समर्थित पार्षद पीछे हटते हुए रेखा के समर्थन में मतदान किया था। अध्यक्ष निर्वाचन के बाद से उनकी कार्यविधियों से लगातार भाजपा के पार्षद अंसतुष्ट नजर आ रहे थे और वे कहीं न कहीं समय का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही समय आया, इन्होंने मौजूदा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास लाने के लिए अपनी ओर से कार्यवाही शुरु कर दी।
मंदिर में ली थी शपथ
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा समर्थित पार्षद, निर्दलीय पार्षद और कांग्रेस के पार्षदों ने मंदिर में जाकर कसम खाई और किसी भी हाल में मौजूदा अध्यक्ष को हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव पर एकजुट रहने की कसम ली। बताया जाता है कि इसी बीच भाजपा संगठन के बड़े नेताओं ने भाजपा पार्षदों से बातचीत भी की। परंतु असंतुष्ठ पार्षदों ने उन्हें दो टूक कह दिया कि जब वे अध्यक्ष के कार्यकलापों के शिकायत पार्टी नेताओं से कर रहे थे उस समय उन पर ध्यान नहीं दिया गया। अब बात आगे निकल चुकी है। अब अविश्वास प्रस्ताव आकर रहेगा।
लांजी में राजनैतिक सरगर्मी
अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने से पूर्व पिछले एक हफ्ते से राजनीति गर्माई हुई है। लामबंद 12 पार्षदों ने लंाजी से यह कहकर निकले थे कि अब अध्यक्ष को हटाकर ही वापस लौटेंगे। पिछले कई दिनों से वे कलेक्टर से मुलाकात करने के लिए मुख्यालय के चक्कर काट रहे थे। आखिरकार शुक्रवार को उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव का ज्ञापन सौंपकर कल ही लांजी लौटे। अब बैठक की तिथि का बेसर्बी से इंतजार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि भाजपा की ओर से उन्हें मनाने के प्रयास शुरु हो चुके हैं।
इन पार्षदों ने सौंपा आवेदन
नगर पंचायत लांजी के वार्ड नंबर 1 से संजय सैय्याम भाजपा, वार्ड नंबर 3 से पूनम शरद आसटकर कांग्रेस, वार्ड 4 से प्रेमलता खोबरागड़े निर्दलीय, वार्ड नंबर 5 में कल्पना लीलाधार डोलस आम आदमी पार्टी, वार्ड नंबर 6 से तेजेश्वरी गोदुले निर्दलीय, वार्ड नंबर 8 से शिखा गोस्वामी भाजपा, वार्ड नंबर 10 से विजय गोस्वामी भाजपा, वार्ड नंबर 11 से सौरभ मोनु पसीने कांग्रेस, वार्ड नंबर 12 से मुकेश रणदिवे कांग्रेस, वार्ड 13 से संदीप रामटेक्कर निर्दलीय, वार्ड नंबर 14 से दिनेश कचवाहे, भाजपा और वार्ड नंबर 15 से कस्तुरबा वाकड़े भाजपा निर्वाचित हुए है।
