Spread the love

सुविधाओं को आश्वासन देकर बेचे प्लाट, रहवासी- सडक़, बिजली, पानी के लिये मोहताज
अशोकनगर। कॉलोनियां बसाने के दौरान मूलभूत सुविधाओं को नजरअंदाज करने वाले कॉलोनाइजरों पर प्रशासन मेहरबान है। बिना किसी मूलभूत सुविधाओं के झूठे बादों में उलझाकर कालोनाइजर लोगो से लाखो रुपये ऐंठ रहे हैं और बाद में उन्हे अपने हाल पर छोड़ देते हैं। सुविधा देने के नाम पर भोले भाले जरूरतमंद लोगों को गुमराह कर अवैध कॉलोनाइजरों ने शहर में खूब कालोनियां काटी है, और मनमाने दामों पर प्लाट बेचकर, लाखों रुपए तो कमाए, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं दी गईं। अब लोग परेशान हो रहे हैं, और उन कॉलोनाइजरों को कोस रहे हैं, जिन्होंने उन्हें प्लांट बैंचें है। और प्रशासन से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि इन अवैध कॉलोनाइजरों पर प्रशासन कार्रवाई करे और उन्हें कॉलोनी में नालियां, सडक़, बिजली, पानी, जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
शहर की गोकुलधाम कॉलोनी में निवासरत लोगों को कॉलोनाइजर द्वारा सडक़ बिजली पानी नालियां और पार्क, मंदिर बनवाने की बात कहकर महंगे दामों 1 हजार से 12 सौ रुपए स्क्वायर फीट में प्लाट बैचे गए। जब प्लाट पूरे बिक गए तो, कॉलोनाइजरों ने पलट कर कॉलोनी में नहीं देखा कि वहां के निवासी जिन्हें उन्होंने प्लाट देते वक्त सुविधा देने का वादा किया था और सुविधा नहीं दी किस हालत में रह रहे हैं। कॉलोनी में रहने वाले सुमित नामदेव ने बताया कि गोकुलधाम कॉलोनी ज्ञानेश गुप्ता ने काटी है। हमसे बोला था कि मंदिर बनाएंगे, यहां पार्किंग रहेगी, पक्की सडक़ नाली और सभी सुविधा रहेगी, लेकिन कुछ नहीं किया अब बारिश के मौसम में रास्ते में पानी भरा है, बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, पानी निकासी के लिए नाले नालियां नहीं है जिससे बारिश का पानी घरों में भर रहा है। आगे रास्ता भी है वह बंद पड़ा है। यहां बहुत सी दिक्कतें आ रही हैं कलेक्ट्रेट में ज्ञापन भी दिया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। कॉलोनाइजर के पास जाते हैं वह कहते हैं, करवा देंगे लेकिन कुछ नहीं हो रहा।
गोकुलधाम कॉलोनी के निवासी पुनीत राठौर:
चार-पांच साल पहले प्लाट खरीदा था उस समय बोला था कि उन्हें कॉलोनी में सभी सुविधाएं दी जाएंगी सडक़े, नालियां बनवाई जाएंगी, और भी कई सुविधाएं दी जाएंगी, लेकिन फिर कोई सुविधा नहीं दी गई गली में नालियां, सडक़ें नहीं है पानी निकासी न होने से घरों में पानी भर जाता है।
गोकुलधाम निवासी जितेंद्र रघुवंशी:
बारिश में बहुत परेशानी बढ़ जाती है, पानी घरों में भरता है, सडक़ों पर पानी भरा रहता है, बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। प्लाट बैंचते समय सभी सुविधाएं देने की बात कही थी कॉलोनी में सडक़ बिजली पानी नालियां बनवा कर देने की बात कही थी। यहां बारिश में पानी की निकासी नहीं हो पाती जिससे कॉलोनी में पानी भर जाता है जो घरों में भरता है। बहुत परेशानी रहती है। हमने कलेक्टर को भी कई बार आवेदन देकर शिकायत की लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
नाले पर कब्जा कर बनाया मकान, पानी निकासी बंद:
यहां स्थित शासकीय जमीन पर बने नाले पर दबंग लोगों ने अतिक्रमण कर मकान बना लिया है जिससे नाला बंद हो गया और पानी की निकासी न होने से कॉलोनी में पानी भर रहा है। यहां पहले सर्वे नंबर 761 की सरकारी जमीन पर पानी निकासी के लिए नाला बना हुआ था, जिस पर किसी ने कब्जा कर अतिक्रमण कर लिया है और उसे बंद कर मकान बना लिया है जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। और कॉलोनी वाले परेशान हैं उन्होंने कलेक्टर को आवेदन देकर अतिक्रमण हटवा कर नाला सुचारू रूप से चालू करवाने की मांग की है। जिससे कॉलोनी के पानी की निकासी हो सके और घरों में पानी ना भरे।
इनका कहना-
गोकुलधाम कॉलोनी हमने नहीं काटी, हमने तो उसमें एक बीघा जमीन गणेशाराम से ली थी जो खत्म हो गए हैं।
राजकुमार रघुवंशी रिजौदिया,
कॉलोनाइजर का हिस्सेदार गोकुलधाम कॉलोनी अशोक नगर।
हमने गणेश राम से आधा बीघा जमीन ली थी, कॉलोनी गणेशाराम ने ही काटी है।
ज्ञानेश गुप्ता कॉलोनाइजर,
गोकुलधाम कॉलोनी अशोक नगर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *