Spread the love

चार नए मेडिकल कॉलेजों का होगा एमओयू, दो का लोकार्पण
जबलपुर (राकेश शुक्ला )। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का दो दिवसीय प्रवास पर कल दोपहर 12 बजे विशेष विमान द्वारा नई दिल्ली से जबलपुर आगमन हो रहा है। जहां वे स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े कदमों की शुरुआत करेंगे। उनका यह दौरा प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
श्री नड्डा सोमवार की दोपहर 12.45 बजे रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल होंगे। वे दोपहर 3.10 बजे घण्टाघर के समीप स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इनफार्मेशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में पीपीपी मॉडल पर प्रदेश में चार नये मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए एमओयू साइन करेंगे तथा श्योपुर एवं सिंगरौली के मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत नवाचारों का शुभारंभ करेंगे। श्री नड्डा शाम 5.30 बजे लोहिया पुल सिविल लाइन पचपेढ़ी में स्व. सुभाष चन्द्र बैनर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा शाम 6.30 बजे उमघाट गौरीघाट में माँ नर्मदा का दर्शन करेंगे एवं महाआरती में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मंगलवार 26 अगस्त की दोपहर 3.30 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे। उनका यह दौरा न केवल जबलपुर, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा तय करने वाला साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *