Spread the love

आरपीएफ थाने के सामने से ले गया युवक
जबलपुर (राकेश शुक्ला)। शहर से मथुरा गई एक महिला की बच्ची स्टेशन से चोरी हो गई। देर रात हुई इस घटना के बाद मथुरा जीआरपी ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में खास बात यह है कि एक साल की बच्ची मथुरा में आरपीएफ थाना के सामने सो रही थी लेकिन चोर ने इतनी सफाई से अपना काम किया कि आरपीएफ को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि बच्ची की माँ ने आरोपी का पीछा किया लेकिन तब तक वह ट्रेन में चढ़कर भाग चुका था।
घटना शुक्रवार-शनिवार की रात 2 बजे की बताई जा रही है। जब जबलपुर में रहने वाली महिला पूजा मथुरा स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर दो में अपनी दो बच्चियों सरस्वती (1) और गौरा (8) के साथ सो रही थी। रात दो बजे पूजा बाथरूम के लिए उठी। जब बाथरूम से वापस लोटी तो देखा कि एक युवक उसकी एक साल की बेटी सरस्वती को लेकर जा रहा था। महिला ने दौड़कर उसका पीछा किया और मदद के लिए आवाज भी लगाई। लेकिन जब तक महिला आरोपी के पास पहुँचती तब तक आरोपी बच्ची को लेकर चलती संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ चुका था। रोती-बिलखती मां रेलवे पुलिस के पास पहुंची। पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। जिसमें एक व्यक्ति बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया।
3 टीम कर रही राजस्थान और एमपी तक तलाश
शिकायत के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस की 3 टीम बच्ची की तलाश में राजस्थान और मध्य प्रदेश तक खाक छान रही हैं। स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। थाना प्रभारी यादराम ने बताया जल्द आरोपी का पता लगाया जाएगा। संभावित जगह टीम रवाना कर दी गई है।
सीसीटीवी में कैद आरोपी
घटना के बाद पूजा अपनी बड़ी बेटी को साथ लेकर रेलवे पुलिस के पास पहुंची और पूरी जानकारी दी। पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें आरोपी बच्ची को गोद में उठाए हुए साफ दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *