Spread the love

बीमारी का इलाज और बीमार की मदद की व्यवस्था कर रही है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्योपुर और सिंगरौली में नए मेडिकल कॉलेज का किया वर्चुअली लोकार्पण
बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में निजी भागीदारी से पीपीपी मॉडल से बनेंगे नए मेडिकल कॉलेज

जबलपुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रसाद नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरगामी सोच से हमारा देश बदल रहा है। हम विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं के विस्तार में भारत ने पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है। दिल्ली से स्वास्थ्य सुधार के लिए तैयार की गई योजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व तरीके से अमली जामा पहनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश का प्रदर्शन देश के दूसरे राज्यों के लिए एक उदाहरण बन रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार, विस्तार और नवाचार में मध्यप्रदेश नेतृत्व कर रहा है।
केन्द्रीय मंत्री नड्डा सोमवार को जबलपुर के घंटाघर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस सांस्कृतिक सूचना केन्द्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रिमोट का बटन दबाकर श्योपुर और सिंगरौली जिले में नवनिर्मित नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का वर्चुअली लोकार्पण किया। केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने इन दोनों मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कोर्स की 100-100 सीटों के प्रवेश के लिए केन्द्र सरकार की ओर से लैटर ऑफ परमिशन भी राज्य सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि लैटर ऑफ परमिशन के जरिए इन दोनों मेडिकल कॉलेज के संचालन और प्रवेश की प्रक्रिया भी आज से ही प्रारंभ कर दी गई है।


केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने कहा कि हमारी नई स्वास्थ्य नीति में हमने बीमार होने के बाद इलाज करने की पुरानी व्यवस्था के बजाय नागरिक बीमार ही न पड़ें, इसके लिए प्रिवेन्टिव और प्रमोशनल हेल्थ केयर पर फोकस किया। टोटल हैल्थ केयर सेक्टर में हम विकास और विस्तार की एक नई कहानी लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का पहला ऐसा देश है, जिसने अपनी अधिकतम आबादी को बीमारी की इलाज के लिए 5 लाख रुपये सालाना हैल्थ कवरेज दिया है। आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के जरिए हमने यह कर दिखाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्वास्थ्य विभाग का अमला इस उपलब्धि के लिए बधाई और साधुवाद के पात्र हैं।
केन्द्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में बैतूल, पन्ना, धार और कटनी जिले में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर स्थापित होने वाले नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के लिए संबंधित निवेशक समूहों के साथ अनुबंध पत्रों पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान भी किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 8 लाख पात्र वरिष्ठ नागरिकों को ‘वय वंदना कार्ड’ के वितरण कार्य का शुभारंभ करते हुए मंच से 5 वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदना के पीवीसी कार्ड का वितरण किया। साथ ही रिमोट का बंटन दबाकर ‘आयुष्मान सखी’ स्मार्ट चैटबॉट और आशा संवाद कार्यक्रम की शुरुआत भी की। मातृ-गर्भावस्था आहार प्रचार सामग्री एवं मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड का विमोचन भी किया गया। राज्य सरकार के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने ‘स्वस्थ यकृत मिशन’ के तहत एक करोड़ लोगों की लीवर स्क्रीनिंग पूरी कर ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा हासिल की गई इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के समर्पण की सराहना की और बधाई दी।


केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता और मार्गदर्शन में स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने कई कदम उठाए हैं। स्वस्थ भारत से ही सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण होगा। नड्डा ने कहा कि मध्यप्रदेश हैल्थ सैक्टर में नेतृत्व प्रदान कर रहा है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। भारत सरकार देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर क्रांतिकारी बदलाव कर रही है। पहले हमारी स्वास्थ्य नीति क्योरेटिव थी अर्थात बीमारी के बाद उसका इलाज करना। अब प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में होलिस्टिक पॉलिसी बनी है, जिसमें प्रिवेंटिव क्योर, हैल्थ प्रमोशन जैसी बातों पर ध्यान दिया गया। एक लाख 77 हजार आरोग्य मंदिरों में डेंटल केयर, मेंटल केयर, कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग शुरू की गई। 30 साल से अधिक उम्र के हर व्यक्ति की आरोग्य मंदिर के माध्यम से हेल्थ स्क्रीनिंग शुरू की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीमारों का दर्द कोई नहीं जानता, पर हमारी सरकार ने बीमार और उनके परिजन के दर्द को पहचान कर इलाज की व्यवस्था की है। मध्यप्रदेश में बीमारी का इलाज और बीमार की मदद की व्यवस्था हमारी सरकार भी कर रही है। सिर्फ इलाज ही नहीं बीमारियों के शोध कार्यों को भी हम प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे, वर्तमान में प्रदेश में 17 सरकारी और 13 निजी मेडिकल कॉलेज के साथ आज लोकार्पित होने वाले दो नए गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज के साथ अब 32 मेडिकल कॉलेज उपलब्ध हो गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम प्रदेश के नागरिकों के स्वास्थ्य विकास और एक बेहतर परिवेश के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहे हैं। पिछले डेढ़ वर्ष में करीब 15 शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की मंजूरी और निर्माण कार्य की दिशा में तेजी से प्रयास किए गए हैं। हमारी सरकार प्रदेश के हर जिले में मेडिकल या आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोलने की दिशा में प्रयासरत है। हमारी सरकार का लक्ष्य प्रदेश को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करना और नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए हम मिशन मोड में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के जनजातीय अंचलों के विकास के लिए संकल्पित है। राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास हो रहा है। प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है। श्योपुर और सिंगरौली में मेडिकल कॉलेज खुलना केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मध्यप्रदेश 1956 में बना, तक यहां मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे। जितने भी नए मेडिकल कॉलेज मध्यप्रदेश को मिले हैं, वे केन्द्रीय मंत्री नड्डा के प्रयासों से ही मिल पाए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोलने की शुरुआत की है। इनमें 75 प्रतिशत सीटें गरीब विद्यार्थियों को नि:शुल्क उपलब्ध होंगी। राज्य सरकार ने गरीबों और जरूरतमंदों को नि:शुल्क एयर एम्बुलेंस और शव वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई है। राज्य सरकार मानवता के भाव के साथ कार्य कर रही है। राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क हादसे के घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर मरीज को डेढ़ लाख का इलाज और उसे अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रूपये का पुरस्कार दिया जा रहा है।
उप-मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में अब 19 सरकारी मेडिकल कॉलेज और 13 निजी मेडिकल कॉलेज हैं। भोपाल में एक एम्स भी है। प्रदेश में भविष्य में 26 शासकीय मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मात्र 1 रुपए में 25 एकड़ जमीन देकर पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज खोलने का नवाचार किया है। आज ऐसे ही 4 नए मेडिकल कॉलेजों के लिए अनुबंधों पर हस्ताक्षर हुए हैं। चिकित्सा सेवाओं को लेकर प्रदेश में खुशी की लहर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने आज श्योपुर और सिंगरौली के नए मेडिकल कॉलेजों को 100-100 सीटों पर एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए अनुमति पत्र सौंपा है। मध्यप्रदेश में स्वस्थ यकृत अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें मध्यप्रदेश देश में अव्वल है। हमारा आशा कार्यकर्ता, हैल्थ वर्कर के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचने का लक्ष्य है। राज्य सरकार एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में आशा संवाद के माध्यम से टैलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकसित भारत के साथ स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

******************

स्‍व. सुभाष चंद्र बैनर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार की शाम लोहिया पुल पहुंचकर वरिष्ठ समाजसेवी स्‍व. सुभाष चंद्र बैनर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा ने परिसर में सिंदूर का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भी अशोक का पौधा लगाकर बैनर्जी परिवार के सदस्‍यों से भेंट की।
इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धेय सुभाष चंद्र बैनर्जी की अलग-अलग क्षेत्रों में उज्‍जवल व सामाजिक पहचान रही है। उन्‍होंने मन के पवित्र भाव से श्रद्धा पूर्वक उनको नमन करते हुए कहा कि आज वे अपने मंत्रियों के साथ उनकी प्रतिमा पर पुष्‍पांजली अर्पित कर उन्‍हें याद कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि श्रीमती जयश्री बैनर्जी ने भी राजनैतिक दायित्‍वों का निर्वहन किया। इस अवसर पर उन्‍होंने केन्‍द्रीय मंत्री श्री नड्डा द्वारा प्रदाय की गई सौगातों का भी आभार व्‍यक्‍त किया।
पुष्‍पांजली अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह राज्य सभा की सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद खजुराहो श्री विष्णुदत्त शर्मा, सांसद आशीष दुबे, विधायक सर्व हेमंत खंडेलवाल, अशोक रोहाणी, डॉ अभिलाष पांडे एवं नीरज सिंह तथा नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, हितानंद शर्मा, भाजपा के नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर सहित अन्‍य गणमान्‍य नागरिक मौजूद थे।

डुमना से रानीताल चौराहे तक, जगह-जगह मंच लगाकर की गई पुष्पवर्षा
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का जबलपुर पहुंचने पर सोमवार को जनप्रतिनिधियों ने डुमना एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा नई दिल्ली से तथा मुख्यमंत्री डॉ यादव भोपाल से वायुयान द्वारा डुमना एयरपोर्ट पहुँचे थे। केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा का डुमना एयरपोर्ट पर स्वागत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, सांसद आशीष दुबे, राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, खजुराहो के सांसद वी डी शर्मा, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील इंदु तिवारी, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल (ग्रामीण) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया।
शहर में जगह जगह किया गया अभूतपूर्व स्वागत………
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अपने नगर प्रवास के दौरान डुमना से हितकारणी डेंटल कॉलेज, महगवां होते हुए सीएमएम पेंटीनाका चौक, गणेश चौक सदर से कटंगा गोरखपुर, छोटी लाईन फाटक से होते हुए मालवीय चौक, गोलबाजार एमएचहाउस के सामने से होते हुए रानीताल , स्थित भाजपा के संभागीय कार्यालय पहुंचे| इस दौरान जगह जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया, इस दौरान क्षेत्रीय विधायक मंडल अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे|


***********************************
केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव माँ नर्मदा की महाआरती में हुए शामिल
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पुण्य-सलिला माँ नर्मदा के पवित्र तट ग्वारीघाट में सोमवार की शाम माँ नर्मदा की महाआरती में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा की धर्मपत्नी श्रीमती मल्लिका बैनर्जी भी महाआरती में शामिल हुईं।
केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वस्ति-वाचन, हर-हर नर्मदे, माँ नर्मदा के जयकारों और नर्मदाष्टकम् के श्लोकों की गूँज के बीच पूरे विधि-विधान से पुरोहितों की मौजूदगी में माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना कर देश तथा प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। श्री नड्डा और डॉ. यादव ने माँ नर्मदा का दुग्धाभिषेक कर दीपदान भी किया।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मिकी, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक एवं अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी माँ नर्मदा की महाआरती में शामिल हुये।

**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *