
नगर निगम आयुक्त यादव ने ईओडब्ल्यू द्वारा ट्रैप किए गए कर्मचारियों पर लिया सख्त एक्शन
इंदौर । इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़े गए दो कर्मचारियों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की है। आयुक्त ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) द्वारा ट्रैप किए गए प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी को निलंबित कर दिया, जबकि दूसरे मस्टर कर्मचारी (बिल कलेक्टर) की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
दैनिक समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर आयुक्त यादव ने संज्ञान लिया। ईओडब्ल्यू ने जोन क्रमांक 19 में कार्यरत प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी (मूल पद-सहायक राजस्व निरीक्षक) पुनीत अग्रवाल और मस्टर कर्मचारी एवं बिल कलेक्टर रोहित सावले को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था।
:: कड़ी कार्रवाई और निलंबन ::
नगर निगम आयुक्त यादव ने इन कर्मचारियों के कृत्य को अनुशासनहीनता, कदाचरण और मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम-1965 के विपरीत माना।
पुनीत अग्रवाल (प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी) को मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें ट्रेचिंग ग्राउण्ड पर अटैच किया गया है।
रोहित सावले (मस्टर कर्मचारी/बिल कलेक्टर) की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। उनके पारिश्रमिक भुगतान पर रोक लगाई गई है और उनकी इम्प्लॉय आई.डी. को स्थायी रूप से लॉक करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
