Spread the love

रैली निकाली, सांसद और अधिकारियों को बताई समस्याएं
सभी कॉलेजों को काउंसलिंग में शामिल करने की मांग

बालाघाट।नर्सिंग कॉलेज की तैयारी कर रहे जिले के विद्यार्थी सरकारी कॉलेज में प्रवेश लेने से वंचित हो रहे हैं। शनिवार को विद्यार्थियों ने नगर में फिर प्रदर्शन किया। रैली निकाली। सांसद और अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों को काउंसलिंग में शामिल किए जाने की मांग की।
विद्यार्थियों का कहना है कि नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए च्वाईस फिलिंग के लिए अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है। लेकिन प्रदेश के केवल 8 कॉलेजों को ही काउंसलिंग में शामिल किया गया है। शेष कॉलेजों को इससे दूर रखा गया है। जिसके कारण उन्हें सरकारी कॉलेजों में प्रवेश मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि निजी कॉलेजों में शुल्क अधिक होता है। ऐसे में आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के छात्र निजी कॉलेजों में प्रवेश नहीं ले पाते। जिसके कारण उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभी भी ऐसे 22 कॉलेज हैं, जिन्हें काउंसलिंग के लिए शामिल किया जाना चाहिए। ताकि छात्रों का भविष्य संवर सकें। छात्राओं का आरोप है कि सरकार उन्हें निजी कॉलेजों में धकेलकर शासकीय कॉलेजों में पढऩे से वंचित कर रही है। छात्राओं ने बताया कि बालाघाट जिले में लिंगानुपात बेहतर होने और अच्छे अंक लाने के बावजूद, बड़ी संख्या में उनका शासकीय कॉलेजों में चयन नहीं हो पा रहा है।
शनिवार को विद्यार्थियों ने हनुमान चौक से रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने सांसद भारती पारधी से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। सांसद ने सरकार और संबंधित विभाग से चर्चा कर समस्या का निराकरण किए जाने की आश्वासन दिया। सांसद से मिलने के बाद प्रदर्शनकारी रैली के रुप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने गेट पर ही अपर कलेक्टर के वाहन को रोककर उन्हें समस्याएं बताई। अपर कलेक्टर ने इसे शासन स्तर का मामला होने की बात कही। हालांकि, उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाए जाने की जानकारी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *