
सम्मेलन में विवाह योग्य 40 युवाओं ने कराया पंजीयन
बालाघाट। श्री विश्वकर्मा आदर्श लोहार विकास मंच बालाघाट द्वारा विश्वकर्मा समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। नगर के कमला नेहरू महिला मंडल सभागार में रविवार को आयोजित इस सम्मेलन में 40 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया है।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य, रूपरेखा, समाज द्वारा किए जाने वाले अन्य कार्य सहित अन्य की जानकारी दी गई। सम्मेलन के दौरान विवाह योग्य 40 युवाओं ने अपना पंजीयन कराकर विवाह प्रस्ताव के लिए मंच से अपना परिचय दिया। वक्ताओं ने आयोजन को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज संगठन को आगे बढ़ाने, समाज में एकता का परिचय देने, सभी को एक दूसरे का सहयोग करने और सभी को मिल जुलकर साथ रहने की समझाईश दी। सम्मेलन के माध्यम से उन्होंने युवक-युवती परिचय के अलावा, समाज द्वारा सामूहिक विवाह के आयोजन भी किए जाने का आग्रह किया।
श्री विश्वकर्मा आदर्श लोहार विकास मंच जिला अध्यक्ष अशोक कुमार वानेकर ने बताया कि इस आयोजन में युवाओं ने अपनी सहभागिता निभाई। 40 युवाओं ने अपना पंजीयन कराकर मंच पर खड़े होकर अपना परिचय दिया है। विवाह योग्य युवक-युवती जो रिश्ते के लिये इधर-उधर भटक रहे है उन्हें मंच प्रदान करने के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता का विकास करना ही उनका उद्देश्य है। आगामी समय में विश्वकर्मा समाज का सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री विश्वकर्मा आदर्श लोहार विकास मंच जिला अध्यक्ष अशोक कुमार वानेकर, संयोजक कोमल प्रसाद बावने , सचिव डॉ श्यामकिशोर मेश्राम, कोषाध्यक्ष दीनदयाल भुरेकर, उपाध्यक्ष नारायण विश्वकर्मा, शिवलाल विश्वकर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
