Spread the love

फरार आरोपी के तलाश में जुटी पुलिस
बालाघाट । कोतवाली थाना पुलिस ने गौवंश मांस के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों में वारासिवनी निवासी सलमान शेख पिता अब्दुल अजीम 54 वर्ष, लालबर्रा निवासी मोहसीन खान पिता हनीफ खान 38 वर्ष, समीर हाजमी पिता बब्बू हाजमी 43 वर्ष और ग्राम अमोली निवासी जुबेर खान पिता इंसान भाई 32 वर्ष शामिल है। वहीं प्रकरण में महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया जिले के चंगेरा निवासी हैदरअली फरार हो गया है। पुलिस ने हैदरअली को गिरफ्तार करने उनके घर में दबिश भी दी थी।


कोतवाली थाना प्रभारी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि 3 अक्टूबर को कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक पोतनलाल चौधरी डायल 112 की ड्यूटी पर थे। ड्यूटी के दौरान उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि सरेखा रेलवे ओवर ब्रिज के पास एक व्यक्ति सफेद रंग की एक्टिवा वाहन क्रमांक एमपी 50 जेबी 6524 से गौमांस लिए खड़ा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। संदेही व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपी ने अपना नाम सलमान शेख बताया। आरोपी के कब्जे से मौके पर 20 पॉलिथिन में 20 किलोग्राम गौमांस एवं परिवहन हेतु प्रयुक्त होंडा कंपनी की एक्टिवा स्कूटी जप्त किया गया। जप्त शुदा गौमांस का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराकर नमूना सीलबंद कराया गया। आरोपी ने पूछताछ पर अपने तीन साथियों के नाम बताये जिनके द्वारा आरोपी को अपराध को लिए दुष्प्रेरित करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 5/9, 4/11 मध्यप्रदेश गौ वंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी मोहसीन खान, समीर हाजमी, जुबेर खान को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *