
सोशल मीडिया में वीडियो हो रहा वायरल
बालाघाट। लालबर्रा मुख्यालय में कांग्रेसी नेता की खुलेआम दबंगाई सामने आई है। विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को न केवल लकड़ी से तोड़ा। बल्कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर शासकीय कार्य में बाधा भी पहुंचाई है। इस मामले में विद्युत विभाग लालबर्रा के जेई सरफराज पिता सहनवाज कुरैशी 37 वर्ष की शिकायत पर मनीष पिता छोटेलाल कुशवाहके खिलाफ धारा 132, 221, 296, 351 (2) बीएनएस, 3 लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 के तहत अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसी अभियान के अंतर्गत लालबर्रा तहसील मुख्यालय में भी स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। 8 अक्टूबर को मनीष कुशवाह ने लालबर्रा मुख्यालय में दबंगाई करते हुए विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे नए स्मार्ट मीटर को तोड़ दिया। इस घटना का मीडिया सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। इस मामले की शिकायत जेई सरफराज कुरैशी ने 9 अक्टूबर को थाने में दर्ज कराई है।
जेई सरफराज कुरैशी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार विद्युत वितरण केंद्र लालबर्रा द्वारा बस स्टैंड में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। 8 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे विभाग के कर्मचारी पारत कातुरे, अनिरुद्ध बांते द्वारा उपभोक्ता संजय बिसेन के परिसर में स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा था। इसी दौरान मनीष कुशवाहा मौके पर पहुंचा। उन्होंने दोनों ही कर्मचारियों से विवाद किया। जबरन स्मार्ट मीटर को निकालकर जमीन पर पटककर डंडे से मारकर तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाइश दी गई। लकिन मनीष कुशवाह लगातार विवाद करते रहा। इस तरह से मनीष कुशवाह द्वारा शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर कार्य में बाधा उत्पन्न की है। इस घटना से विभाग को करीब 9000 रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। इस मामले की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है।
