Spread the love

बालाघाट। किरनापुर थाना पुलिस ने रात्रि के समय बगैर अनुमति के घर में घुसने के मामले में किरनापुर के नायब तहसीलदार केशवराव टेकाम सहित चार लोगों के खिलाफ धारा 333, 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। इस मामले की शिकायत किरनापुर निवासी इंद्रजीत सिंह दशमेर ने की थी।
शिकायतकर्ता इंद्रजीत सिंह दशमेर के अनुसार 23 सितंबर की रात्रि करीब 2 बजे घर के सामने एक वाहन आया, जिसमें से कुछेक लोगों ने दीवार फांदकर घर में घुसे। डोर बेल बजाकर दरवाजा खटखटा रहे थे। खिडक़ी से देखने पर बाहर सुनील धुवारे खड़ा था। वहीं मुख्य गेट पर नायब तहसीलदार केशवराव टेकाम खड़े थे, जबकि अन्य लोग वाहन में बैठे थे। सुनील से चर्चा करने पर उसने नायब तहसीलदार द्वारा चर्चा किए जाने की जानकारी दी गई। जिस पर उन्होंने दूसरे दिन सुबह चर्चा करने की बात कही। इसके बाद भी वाहन घर के सामने करीब 20 मिनट तक खड़ा रहा। इसकी सूचना डायल 112 को दी गई। जब तक डायल 112 घर पहुंचती तब तक नायब तहसीलदार सहित अन्य लोग मौके से चले गए थे। इस मामले की थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने विवेचना के बाद नायब तहसीलदार केशवराव टेकाम, सुनील धुवारे, ओमप्रकाश लिल्हारे सहित एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में नायब तहसीलदार केशवराव टेकाम को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *