आरएसएस के शिविरों के दौरान यौन उत्पीड़न का भी आरोप लगाया था

एनएम नाम के व्यक्ति का ज़िक्र, बार-बार यौन शोषण करने का लगाया आरोप
तिरुवंतपुरम। केरल पुलिस ने आरएसएस कार्यकर्ता आनंदू अजी का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आनंदू अजी ने पिछले हफ्ते कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। थम्पनूर पुलिस ने कंजिरापल्ली निवासी निधीश मुरलीधरन के खिलाफ अप्राकृतिक यौन शोषण का मामला दर्ज किया है। यह मामला कोट्टायम जिले के पोनकुन्नम थाने को सौंपा है, जहां इस अपराध को अंजाम दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पोनकुन्नम थाने के अधिकारियों ने कहा कि वे जल्द ही दोबारा प्राथमिकी दर्ज करेंगे और जांच शुरू करेंगे। कोट्टायम के थम्पलक्कड़ निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आनंदू अजी 9 अक्टूबर को थम्पनूर के एक लॉज में मृत पाए गए थे। वह आरएसएस के कार्यकर्ता थे और लंबे समय से संगठन से जुड़े थे। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए 15 पन्नों के सुसाइड नोट में आनंदू अजी ने एनएम नाम के एक व्यक्ति का ज़िक्र किया और बार-बार यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया।
आनंदू अजी ने आरएसएस के शिविरों के दौरान यौन उत्पीड़न का भी आरोप लगाया। आरएसएस ने इन दावों को संदिग्ध और निराधार बताते हुए खारिज कर दिया और अजी की मौत की व्यापक जांच की मांग की। दूसरी ओर कर्नाटक के रायचूर जिले में पंचायत विकास अधिकारी को आरएसएस के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
सिरावर तालुक पंचायत में तैनात अधिकारी को आरएसएस के कार्यक्रम में संगठन की वर्दी पहनकर भाग लेने के बाद निलंबित कर दिया। ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री प्रियंक खड़गे ने सीएम सिद्धारमैया को पत्र लिखा था। आरएसएस के कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग के तुरंत बाद की गई है।
