Spread the love

बिहार में भी वोट चोरी से सरकार बनाने की तैयारी
पटना। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को किशनगंज में महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा की। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग हरियाणा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में वोट चोरी करके सरकार बना चुके हैं, और अब बिहार में भी यही करने की तैयारी में हैं।
कांग्रेस नेता राहुल ने कहा, कि मैंने कहा था मोदी और चीफ इलेक्शन कमिश्नर वोट चोरी कर रहे हैं। मोदी जी ने एक बार भी नहीं कहा कि राहुल झूठ बोल रहा है। बोलती बंद है क्योंकि हमारे आरोप सही हैं। बीजेपी के नेता दो-दो राज्यों में वोट डाल रहे हैं। मोदी और अमित शाह चुनाव नहीं जीतते, वोट चोरी करते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा, मेरे ‘हाइड्रोजन बम’ बयान पर मोदी और इलेक्टशन कमीशन दोनों चुप क्यों हैं?
चुनावी सभा में राहुल गांधी ने जनता जनार्दन से पूछा, कि आपका मूड कैसा है? इसी के साथ ही उन्होंने कहा, कि आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है, एक तरफ आरएसएस और बीजेपी है, जो जाति, धर्म और भाषा के आधार पर बांटने की राजनीति करती है, और दूसरी तरफ कांग्रेस और महागठबंधन है, जो देश को जोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैंने 4 हजार किलोमीटर यात्रा की, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने के लिए। यहां राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया, कि नरेंद्र मोदी की सोच में नफरत है, वो लोगों को डराकर देश का ध्यान असली मुद्दों से भटकाते हैं।
बिहार के युवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए राहुल गांधी ने कहा, यहां के युवा बेरोजगार हैं, यूनिवर्सिटी या तो बंद हो रही हैं या बेची जा रही हैं। बिना शिक्षा रोजगार कैसे मिलेगा? बिहार का युवा अपने ही राज्य में नहीं, बल्कि दूसरे प्रदेशों में मजदूरी कर रहा है। इस सभा में राहुल गांधी ने अंत में कहा कि यह चुनाव नफरत बनाम मोहब्बत और लोकतंत्र बनाम तानाशाही की लड़ाई है। इसी के साथ उन्होंने लोगों से महागठबंधन के पक्ष में वोट देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *