
मामला दर्ज पुलिस कर रही तलाश
इन्दौर। मजदूर परिवार की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कार्रवाई मामला सामने आया है। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र के केशव नगर स्थित गौशाला का है जहां गौशाला संचालक संजय दुबे ने वहां काम करने वाली मजदूर की नाबालिग लड़की से कई बार दुष्कर्म किया, यही नहीं मामले में यह बात भी बताई जा रही है कि संजय दुबे ने उसका गर्भपात भी कराया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग का मेडिकल कराया है। चंदन नगर थाना पुलिस के अनुसार केशव नगर स्थित गौशाला में विगत दो वर्षों से कार्य कर रहे एक मजदूर परिवार की नाबालिग लड़की के साथ गौशाला संचालक संजय दुबे द्वारा दुष्कर्म करने के मामले में कल देर रात मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग के परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को जब वे लोग काम पर गए थे, तब संजय गौशाला पहुंचा था और उसने नाबालिग को जबरदस्ती खाली जगह पर ले जाने की कोशिश की। जब उसने मना किया तो उसने उसके साथ मारपीट की। यह सब नाबालिग के छोटे भाई ने देखा और उसने उन्हें बताया इसके बाद उन्होंने अपनी नाबालिग से पूरी बात जानने पर मामले में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके साथ कई बार जबरजस्ती की वह उसे दवाइयां भी खिलाता था। पुलिस ने मामले में कल देर रात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
