Spread the love

गुना | पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत गुना कोतवाली पुलिस ने जाली नोट गिरोह से जुड़े आरोपी बृजभान उर्फ लल्लू जाट, निवासी ग्राम रिछैरा (थाना कैंट), की औपचारिक गिरफ्तारी की है। आरोपी पहले से ही अवैध हथियार तस्करी के मामले में न्यायिक हिरासत में गुना जेल में निरुद्ध था। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर प्रकरण में उसकी विधिवत गिरफ्तारी दर्ज की और पुन: जेल भेज दिया।
मई 2025 में उजागर हुआ था बड़ा जाली नोट गिरोह
उल्लेखनीय है कि 21 मई 2025 को कोतवाली पुलिस ने हरिपुर रोड स्थित अंडरपास से जाली नोट तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने मौके से एक प्रिंटर, महत्वपूर्ण सामग्री तथा जाली नोट बरामद किए थे। इस कार्रवाई में अविनाश कलावत (निवासी पटेल नगर) और नितेश रघुवंशी (निवासी महावीरपुरा) को गिरफ्तार किया गया था। इनके खिलाफ कोतवाली में अपराध क्रमांक 304/25 धारा 178, 179, 180, 181 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों हनी कुशवाह, लल्लू जाट और एक विधि विवादित किशोर के नाम भी उजागर किए थे। पुलिस ने तीनों को प्रकरण में नामजद किया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने विधि विवादित किशोर को अभिरक्षा में लिया और आरोपी हनी कुशवाह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में केवल लल्लू जाट ही गिरफ्त से बाहर था, जो अवैध हथियार तस्करी में पकड़े जाने के बाद जेल में निरुद्ध मिला।
प्रकरण की जांच और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी.एस. चौहान, उपनिरीक्षक कुशलपाल, प्रधान आरक्षक अजय शर्मा, आरक्षक अंकित रघुवंशी, आरक्षक नरेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक जीतेंद्र सिंह, आरक्षक मनीष ग्वाल और आरक्षक चंद्रकुमार शर्मा की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *