
वेतन वृद्धि लगाने प्राथमिक शिक्षक से मांगी थी घूस
जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने गुरुवार को यहां ब्लॉक एजुकेशन ऑफिस (बीईओ) कार्यालय में सहायक ग्रेड 2 बाबू को 15 सौ रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया| आरोपी बाबू ने ट्रांसफर होकर आए प्राथमिक शिक्षक से वेतन और वेतन वृद्धि निर्धारित करने के लिए रिश्वत की मांग की थी| लोकायुक्त एसपी अंजूलता पटले ने बताया कि बरगी निवासी 45 वर्षीय नन्हे सिंह धुर्वे, जो पिपरिया स्थित ‘एक शाला एक परिसर’ में प्राथमिक शिक्षक हैं, जून 2025 में बालाघाट से जबलपुर ट्रांसफर होकर आए थे। ट्रांसफर के बाद उनका वेतन एवं वेतन वृद्धि बीईओ कार्यालय में लंबित थी। इस समस्या के समाधान हेतु जब वे कार्यालय पहुंचे तो सहायक ग्रेड-2 शशिकांत मिश्रा (उम्र 54 वर्ष) ने वेतन और वृद्धि लगाने के बदले रिश्वत की मांग की। पीड़ित शिक्षक ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त अंजूलता पटले से की। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार बीईओ कार्यालय के सामने आरोपी को 15 सौ रुपए लेते ही पकड़ लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज- लोकायुक्त ने आरोपी शशिकांत मिश्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) और 13(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान राहुल गजभिए, ट्रैपकर्ता बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक जितेंद्र यादव आदि शामिल थे।
