Spread the love

प्रदेश के 800 से ज्यादा ताकतवर लोगों से जमा नहीं कराए 2 से ज्यादा हथियार
भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकों को अधिकतम 2 शस्त्र लाइसेंस रखने की पात्रता निर्धारित कर दी है। 2 से अधिक शस्त्र लाइसेंस होने की स्थिति में अतिरिक्त शस्त्र को सरेंडर करना होगा। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। जिसके परिपालन में राज्य गृह मंत्रालय ने सितंबर में सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर 3 अक्टूबर तक 2 से अधिक शस्त्र लाइसेंस को निलंबित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन मप्र के ज्यादातर जिलों के कलेक्टर केंद्रीय गृह मंत्रालय के इस आदेश का पालन नहीं करा पा रहे हैं। यही वजह है कि मप्र में आज भी 800 लोग ऐसे हैं, जिनके पास 2 से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं।
खास बात यह है कि जिन लोगों ने 2 से अधिक लाइसेंस होने के बाद भी निलंबित नहीं किए हैं, उनमें लगभग सभी रसूखखदार हैं। कोई राजनीतिक क्षेत्र से हैं, तो कोई व्यावसायी है तो कोई प्रशासनिक रसूखदार है। प्रदेश में भिंड जिले में सबसे ज्यादा 116 लोगों के पास 2 से अधिक शस्त्र लाइसेंस है। जबकि भोपाल में 114 लोगों ने 2 से ज्यादा शस्त्र लाइसेंस होने पर भी निलंबित नहीं किए हैं। खास बात यह है कि इन दोनों जिलों के कलेक्टर रसूखदारों पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, छतरपुर, जबलपुर, मुरैना, सागर, रतलाम, उज्जैन, दमोह जिले में भी रसूखदारों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के परिपालन में 2 से ज्यादा शस्त्र लाइसेंस निलंबित नहीं किए हैं। बताया गया कि 22 सितंबर की स्थिति में 913 लोगों के पास पात्रता से ज्यादा शस्त्र लाइसेंस थे, वर्तमान में यह संख्या घटकर 800 रह गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार 2 से ज्यादा अधिक शस्त्र होने की स्थिति में लाइसेंस निलंबित कर अवैध किया जाए, लेकिन प्रदेश के किसी भी कलेक्टर ने रसूखदारों के हथियारों को अवैध नहीं माना है।
यूआईएन पोर्टल पर भी अपलोड नहीं
मप्र की गृह सचिव कृष्णावेणी देशावतु ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर कहा है कि जिनके पास 2 से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं। उन्हें निरस्त किया जाएग। साथ ही हर शस्त्र लाइसेंस का पोर्टल पर यूआईएन (यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर) पंजीकरण करने को कहा है। बिना यूआईएन के शस्त्र अवैध माना जाएगा। कलेक्टर शस्त्र लाइससों को पोर्टल पर भी अपलोड नहीं करवा पा रहे हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा शस्त्र रसूखदार
2 से ज्यादा शस्त्र लाइसेंस रखने के मामले में भिंड जिला सबसे आगे हैं। भिंड में 116 के पास हैं। ग्वालियर में 112, भोपाल में 114, इंदौर में 85, जबलपुर में 58, छतरपुर में 41, उज्जैन में 33, मुरैना में 30, सागर में 29, रतलाम में 28, छिंदवाड़ा में 14, दमोह में 10 और शिवपुरी में 7 लोगों के पास दो से ज्यादा शस्त्र लाइसेंस हैं। अन्य जिलों में लोगों ने दो से ज्यादा शस्त्र ले रहे हैं, लेकिन यह संख्या अपेक्षाकृत कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *