अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के शक्ति नगर चौपाटी में चाइनीज़ ठेला लगाने वाले मोनू चक्रवर्ती की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन चक्रवर्ती और उसके साथी आकाश रजक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों को पकड़ने के बाद पुलिस ने उनका जुलूस भी निकाला। इस दौरान आरोपी अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
7 दिसंबर की रात आरोपी अमन अपने साथियों आकाश रजक, नंदू उर्फ सागर तिवारी, रोहित झारिया, ताशु यादव और तीन नाबालिग किशोरों के साथ शक्ति नगर चौपाटी पहुंचा था। यहां उन्होंने मोनू चक्रवर्ती के चाइनीज़ ठेले पर विवाद शुरू किया और अचानक अमन ने चाकू निकालकर मोनू पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मोनू को उसके बेटे वीरू और नितिन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद अमन चक्रवर्ती ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। उसने अपने साथी रोहित झारिया को गोरखपुर क्षेत्र की एक पुलिया के पास ले जाकर खुद ही उस पर चाकू से हमला कर दिया, ताकि मोनू चक्रवर्ती और उसके बेटों पर झूठा केस दर्ज कराया जा सके। लेकिन जांच में पुलिस ने सच का खुलासा कर दिया और इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा की टीम लगातार मामले की जांच में लगी रही। पुलिस पहले ही रोहित झारिया को गिरफ्तार कर चुकी थी और अब अमन, आकाश व एक नाबालिग को भी पकड़ लिया गया है। इस केस में अब नंदू उर्फ सागर तिवारी, ताशु यादव और एक नाबालिग किशोर की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा, उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक ज्ञानेंद्र, आरक्षक संतोष जाट, शैलेंद्र पाटकर, नीरज तिवारी, गौरव तिवारी और राजेश्वर मिश्रा की भूमिका सराहनीय रही।
