नेशनल हेराल्ड मामले में देश से माफी मांगे पीएम नरेंद्र मोदी- राजेश राम

पटना। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को राजनीतिक द्वेष के तहत फँसाने हेतु केंद्र सरकार के इशारे पर नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय के द्वारा की जा रही दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई को राउज एवेन्यू कोर्ट से संज्ञान लेने से इंकार करने को जीत बताते हुए भाजपा के नीतियों के विरोध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के द्वारा प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में विरोध मार्च पटना के आयकर गोलंबर से भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय तक आयोजित हुआ। इस विरोध मार्च का नेतृत्व कर रहे बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में हमारे नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इंकार कर दिया। अदालत ने दोनों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तरफ से दोनों के खिलाफ दायर की गई चार्जशीट का संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। जबकि ईडी ने दोनों नेताओं को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नाहक परेशान करने के लिए आरोपी बनाया। नेशनल हेराल्ड केस सिर्फ गांधी परिवार को परेशान करने के लिए है।
इस सत्ताधारी भाजपा सरकार द्वारा राजनीतिक बदले की भावना से इस केस को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि हाल में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि ईडी को कानून के दायरे में रहकर काम करना होगा। साथ ही बताया था कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के मामलों में दोष सिद्धि की दर 10 प्रतिशत से भी कम है। इसलिए यह केस केवल गांधी परिवार को बदनाम करने और देश में कांग्रेस की छवि को भाजपा के इशारे पर बिगाड़ने के लिए बार बार उठाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में संज्ञान नहीं लेने पर हम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं और ईडी की भूमिका को संदिग्ध मानते हैं। इसीलिए हम आज विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा से हम मांग करते हैं कि वें राजनीतिक विद्वेष में ऐसे मामले दर्ज कराने से बाज आएं और देश से माफी मांगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक कर कांग्रेस नेताओं ने उनके विरोध में गगनभेदी नारे भी लगाएं। आयकर गोलंबर से आगे पुलिस के द्वारा बलपूर्वक प्रदर्शन को रोक लिया गया।
